हैंडपंप का पानी पीने योग्य नहीं, 15 नए मरीज आए सामने
डूंगा बाजार में दूषित पानी से बढ़ी बीमारी, स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
नगर संवाददाता- कांगड़ा
कांगड़ा के डूंगा बाजार क्षेत्र में हैंडपंप का पानी पीने से लोगों के बीमार होने के मामले में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार स्वास्थ्य जांच, उपचार और जागरूकता अभियान चला रही हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सीएमओ डा. विवेक करोल ने बताया कि विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। डा. करोल ने बताया कि हैंडपंप के पानी के नमूनों की जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि उक्त पानी पीने योग्य नहीं है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से एसडीएम कांगड़ा को पत्र लिखकर संबंधित हैंडपंप के जल स्रोत को तत्काल सील करने का अनुरोध किया गया हैे ।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक प्रभावित क्षेत्र में 125 ओआरएस के पैकेट व 280 जिंक की गोलियां वितरित की जा चुकी हैं, जिससे दस्त और डिहाइड्रेशन से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत मिल सके। सीएमओ ने बताया कि वार्ड छह और सुनारा मार्केट क्षेत्र से 15 नए मरीज सामने आए हैं। इनमें से पांच मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है, जबकि शेष मरीजों का इलाज स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में चल रहा है। सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य और नियंत्रण में है। सीएमओ ने लोगों से अपील की कि यदि किसी भी व्यक्ति को दस्तए उल्टीए बुखार या पेट दर्द जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में चिकित्सकीय परामर्श लें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
