सब्जी मंडी तक कैसे पहुंचाएं फसल
कुल्लू फलोत्पादक मंडल ने किया मंथन, बोले, आपदा-बदहाल सडक़ से बागबानों की मेहनत पर फिरता है पानी
कार्यालय संवाददाता-पतलीकूहल
कुल्लू घाटी में फल सीजन के आगमन के साथ ही किसानों और बागबानों के सामने आने वाली समस्याओं के समाधान को लेकर कुल्लू फलोत्पादक मंडल सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में शनिवार को बागवान भवन में कुल्लू फलोत्पादक मंडल की मासिक बैठक मंडल के प्रधान प्रेम शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मंडल के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए बागबानों ने भाग लेकर फल सीजन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक का शुभारंभ मंडल के महामंत्री रिमन सिंह ठाकुर द्वारा उपस्थित सदस्यों के स्वागत के साथ किया गया। उन्होंने बैठक की कार्यसूची प्रस्तुत करते हुए किसानों और बागबानों के समक्ष आने वाली चुनौतियों पर खुलकर विचार-विमर्श करने का आग्रह किया। इसके बाद सदस्यों ने अपन-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और सुझावों को साझा किया।
बैठक में विशेष रूप से फल परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया। सदस्यों ने कहा कि फल सीजन के दौरान हजारों टन सेब, प्लम, नाशपाती और अन्य फलों की ढुलाई होती है, जिसके लिए पर्याप्त और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है। कई बार सडक़ दुर्घटनाओं के कारण किसानों और बागबानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है। ऐसे मामलों में त्वरित सहायता और समन्वय की व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता महसूस की गई। इसके अलावा सब्जी एवं फल मंडियों में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने, विपणन व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा उत्पादों के उचित मूल्य सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
एकजुट होकर समाधान निकालने पर दिया जोर
बैठक के अंत में उपस्थित सदस्यों ने बागवानी क्षेत्र के विकास, बेहतर विपणन व्यवस्था और किसानों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सुझाव रखे। सभी ने एकजुट होकर फल सीजन को सफल बनाने,बागबानों के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
