कोटली कालेज का खुलेगा ताला, संधोल पर संशय

By: Jun 21st, 2026 12:47 am

कोटली के लिए विधायक अनिल शर्मा ने की बात; कल जारी हो सकती है आधिकारिक अधिसूचना, संधोल को भी मिल सकती है एक्सटेंशन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- मंडी
मंडी जिला में संचालित दो कालेजों में से कोटली पर लगे ताले को खोलने के लिए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू तैयार हो गए हैं जबकि संधोल कालेज के दोबारा खुलने पर संशय बरकरार है। कालेज बंद होने से जहां भाजपा आंदोलित है ठीक इसके विपरीत कांग्रेस ने इस मसले पर चुप्पी साध रखी है। कोटली कालेज का ताला सोमवार को अधिकारिक रूप से खुल सकता है जबकि संधोल में लगे ताले की चाबी स्थानीय विधायक चंद्रशेखर सचिवालय में ढूंढ रहे हैं। मंडी में बंद कालेजों को देख लोग आक्रोशित हैं तो इनमें शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों को भी अपने भविष्य को ग्रहण लगता हुआ दिखाई दे रहा है। इन कालेजों में छात्रों की संख्या सौ से कम होने पर सरकार ने संधोल और कोटली कालेज को बंद करने का ऐलान कर रखा है। ऐसे में सियासी पारा चढ़ गया है। संधोल कालेज के बंद होने से भाजपा आंदोलित है।

कोटली कालेज का ताला देख स्थानीय विधायक अनिल शर्मा ने ताला खुलवाने के लिए सीधे सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की है। इस दौरान सीएम ने कोटली कालेज को दोबारा से खोलने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इस सबंध में सोमवार को अधिकारिक अधिसूचना भी जारी हो सकती है। संधोल कालेज धर्मपुर विधानसभा का हिस्सा है। कोटली कालेज मंडी सदर विधानसभा क्षेत्र में आता है। यह दोनों ही विधानसभा क्षेत्र को भाजपा का गढ़ माने जाते हैं लेकिन वर्तमान में मंडी सदर के भाजपा विधायक अनिल शर्मा हैं और धर्मपुर से कांग्रेस के इकलौते जीते हुए विधायक चंद्रशेखर हैं। अनिल शर्मा ने सीधे सीएम सुखविंदर सिंह से बात कर कोटली कालेज का ताला खोलने की मंजूरी प्राप्त कर ली है। दूसरी तरफ धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर संधोल कालेज पर लगे ताले की चाबी सचिवालय में ढूंढ रहे थे। माना जा रहा है कि कोटली के साथ संधोल कालेज को भी एक साल की एक्सटेंशन मिल सकती है।

सीएम ने दी सहमति
मंडी सदर विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि सीएम से बात कर ली गई है और अब कोटली कालेज पर लगा ताला खुल जाएगा। शिक्षा सचिव के शिमला में न होने के कारण शनिवार को कोटली कालेज के खुलने की अधिसूचना जारी नहीं हो पाई है।
संधोल के लिए कोशिश
धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि संधोल कालेज को दोबारा से संचालित करने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही कालेज में दोबारा से पढ़ाई हो पाएगी। कालेज संचालन के लिए शिक्षा विभाग से छात्र संख्या में रिलेक्सेशन मांगी गई है।
कालेज बंद करना गलत सोच
धर्मपुर से भाजपा प्रत्याशी रहे रजत ठाकुर ने कहा है कि संधोल कालेज को बंद करना कांग्रेस सरकार की घटिया सोच है। छात्रों की संख्या कम होने का बहाना बनाकर ताले लटकाना लोगों को प्रताडि़त करने से ज्यादा कुछ नहीं है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App