NEET Exam : एग्जाम के लिए देशभर में तैयारियां पूरी, 22.79 लाख छात्र आज देंगे परीक्षा
देशभर के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में परीक्षा केंद्र, 2.5 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से आज होने वाली नीट यूजी परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। देशभर के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में परीक्षा केंद्र तैयार किए गए हैं। यहां पर एग्जाम देने के लिए करीब 22.79 लाख स्टूडेंट्स शामिल होंगे। 3 मई 2026 को पेपर लीक मामले के बाद से एनटीए ने अपनी सुरक्षा को और अधिक बढ़ा दिया है। इस व्यवस्था में पहले की तुलना में काफी बदलाव किया गया है।
देशभर के नीट परीक्षा केंद्रों में लगभग 2.5 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। नीट पेपर लीक और फर्जी सूचनाओं की आशंका को देखते हुए एनटीए ने सोशल मीडिया निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी सर्विलांस और पुलिस सुरक्षा जैसी कई अतिरिक्त व्यवस्थाएं लागू की हैं।
कलावा, हिजाब पहनने की छूट मिलेगी
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर री-एग्जाम के लिए एडवाइजरी जारी की है। छात्रों के लिए ड्रेस कोड और जरूरी नियमों की लिस्ट जारी की है। इसमें कलावा, हिजाब और पगड़ी पहनने की छूट दी है। इसके अलावा परीक्षा की अवधि 15 मिनट बढ़ा दी गई है। इस बदलाव का उद्देश्य उम्मीदवारों को अतिरिक्त समय उपलब्ध करवाना है। एनटीए ने निर्देश पढऩे, फोटो लगाने या सिग्नेचर करने की वजह से होने वाली देर को को कम करने के लिए 15 मिनट टाइम बढ़ाया है।
एग्जाम सेंटर पर बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन होगी
परीक्षा के दिन सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद सभी उम्मीदवारों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन कराना होगा। इसमें फिंगरप्रिंट और चेहरे की पहचान शामिल होगी। यह प्रक्रिया परीक्षा शुरू होने से पहले पूरी की जाएगी। यदि किसी उम्मीदवार का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन तकनीकी या अन्य कारणों से पूरा नहीं हो पाता है, तब भी उसे परीक्षा देने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र पर एक लिखित अंडरटेकिंग (घोषणा-पत्र) भरना होगा।
एमबीबीएस स्टूडेंट्स की छुट्टियां रद्द
नीट एग्जाम को लेकर देश भर में इसकी तैयारियां जारी हैं। इस एग्जाम में नकल रोकने और पेपर लीक से बचने के लिए सरकार ने कड़े प्रतिबंध किए हैं। इसी बीच नेशनल मेडिकल कमीशन ने देश के सभी मेडिकल कॉलेजों में पढ़ रहे एमबीबीएस व अन्य मेडिकल स्टूडेंट्स की छुट्टियां 21 और 22 जून को कैंसिल कर दी हैं। इस संबंध में एनएमसी ने एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि एमबीबीएस समेत अन्य मेडिकल स्टूडेंट्स को 20 और 21 जून को छुट्टियां न दी जाएं। हालांकि अगर कोई स्टूडेंट एमर्जेंसी के चलते लीव लेता है तो उसे छुट्टी दी जा सकती है, लेकिन इस मामले में भी उचित कारण होने पर ही स्टूडेंट्स को छुट्टी दी जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
