हिमाचल में सुरक्षा के कड़े पहरे में आज होगी नीट परीक्षा, HRTC में फ्री यात्रा कर सकेंगे परीक्षार्थी
आज एग्जाम के लिए पुलिस-आईटीबीपी जवानों ने संभाला मोर्चा
कार्यालय संवाददाता-शिमला
राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा नीट के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर हिमाचल प्रदेश में व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की गई है। प्रदेशभर में रविवार को आयोजित होने वाली इस महत्त्वपूर्ण परीक्षा के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित नोडल अधिकारियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। राजधानी शिमला में नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 3900 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। कांगड़ा जिला में 12 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस बल के साथ-साथ आईटीबीपी के जवान भी तैनात किए जाएंगे।
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों में सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा दोपहर दो बजे शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी। परीक्षा में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए हैं। प्रत्येक परीक्षार्थी की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी, जबकि प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं के परिवहन पर मोबाइल ऐप के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने विशेष जरूरत वाले (दिव्यांग) अभ्यर्थियों के लिए अतिरिक्त समय की व्यवस्था भी की है। ऐसे अभ्यर्थियों की परीक्षा शाम 6:20 बजे समाप्त होगी।
परीक्षार्थियों को निगम की सुविधा
हिमाचल पथ परिवहन निगम ने परीक्षार्थियों को बड़ी राहत देते हुए परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए नि:शुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपना प्रवेश पत्र दिखाना होगा। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों और अभिभावकों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
