परीक्षा से पहले फिर विवादों में एनटीए, नागपुर के स्टूडेंट को मिला अबू धाबी का एग्जाम सेंटर

By: Jun 20th, 2026 11:18 pm

नागपुर के छात्र को आबुधाबी में मिला री-एग्जाम सेंटर

भुवनेश्वर की छात्रा को 2300 किलोमीटर दूर देहरादून में केंद्र
एनटीए की सफाई, कैंडीडेट ने खुद परीक्षा केंद्र में सुधार किया

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
देशभर में री-नीट परीक्षा से एक दिन पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) फिर सवालों के घेरे में घिर गई है। नागपुर में एक छात्र को री-नीट के लिए भारत के बजाय आबुधाबी परीक्षा केंद्र आबंटित होने का मामला सामने आने के बाद एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया। इस घटना को लेकर छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई, जिसके बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने कहा है कि इस मामले का समाधान कर लिया गया है। साथ ही एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने एग्जाम सेंटर बदलने की वजहें भी बताई है।

छात्र का परीक्षा में शामिल होना प्राथमिकता है। दरअसल, नागपुर के अब्दुल्लाह नाम के छात्र को नीट री-एग्जाम के लिए सीधे आबुधाबी (यूएई) में परीक्षा केंद्र आबंटित कर दिया गया। इस घटना से छात्र के परिवार की चिंता बढ़ गई। परिवार का कहना था कि छात्र के पास पासपोर्ट तक नहीं है और परीक्षा के लिए विदेश जाने की तैयारी करने का भी पर्याप्त समय नहीं बचा था। एडमिट कार्ड का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने सफाई दी है। एजेंसी ने कहा कि परीक्षा शहर में बदलाव छात्र के रजिस्टर्ड लॉगिन से किया गया था। हालांकि, छात्र के अनुरोध पर बाद में सेंटर नागपुर कर दिया गया। इसी तरह भुवनेश्वर की एक छात्रा को 2300 किमी दूर देहरादून में सेंटर मिला, जिसे बाद में सुधार दिया गया। वहीं नीट-यूजी री-एग्जाम से पहले एनटीए ने शनिवार को देशभर में मॉक ड्रिल की। एग्जाम को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन और सेंटरीय एजेंसियों के साथ मिलकर मल्टी लेयर सिक्योरिटी तैयार की गई है।

परीक्षा के नाम पर बच्चों के भविष्य से खेला जा रहा जुआ
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एनटीए को पूरी तरह अक्षम बताते हुए कहा है कि वह परीक्षा के नाम पर बच्चों और अभिभावकों के धैर्य की परीक्षा ले रहा है और छात्रों के भविष्य के साथ जुआ खेल रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि जो व्यवस्था किसी छात्र को उसके अपने शहर में परीक्षा केंद्र उपलब्ध नहीं करा सकती और उसे विदेश में केंद्र आबंटित कर सकती है, उसे परीक्षा आयोजित करने का अधिकार नहीं है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App