घघरौता के स्लैन गांव में आग से स्लेटपोश मकान राख

By: Jun 21st, 2026 12:03 am

स्कूली बच्चों ने दिखाई सूझबूझ; एनएसएस कैडेट्स ने बचाए दो घर, शिक्षकों और फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
ग्राम पंचायत घघरौता के स्लैन गांव में शनिवार दोपहर बाद एक स्लेटपोश मकान आग की भेंट चढ़ गया है। आग की इस घटना में साथ सटे दो मकानों को भी नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने घटना की रपट रोजनामचे में डालकर विस्तृत कारणों की जांच आरंभ कर दी है।

जानकारी के अनुसार शनिवार को दोपहर के समय स्लैन गांव में एक कच्चे मकान में अचानक आग की लपटें उठने लगी। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। गांव के सामने स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिल्लाघ्राट के बच्चों ने जब धुआं उठता देखा तो शिक्षकों को सूचित किया। इस दौरान एक विद्यार्थी ने बताया कि उसके घर में आग लगी है। यह देख स्कूल प्रबंधन ने मदद का फैसला लिया और तीन शिक्षक अपने 25 एनएसएस कैडेट्स को लेकर घटनास्थल की ओर रवाना हुए। इसी बीच ग्रामीणों ने फायर बिग्रेड को भी सूचित कर दिया था। जैसे ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तो एनएसएस कैडेट्स व स्कूल शिक्षक पहले से ही घटना स्थल पर मौजूद थे। उन्होंने गांव से करीब सौ मीटर मीटर दूर नाले से चेन बनाकर पानी ढोना शुरू किया और करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। बहरहाल, घघरौता पंचायत के स्लैन गांव में आग लगने से एक स्लेटपोश मकान पूरी तरह जल गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App