संवेदनशील स्थानों पर बढ़ाएं निगरानी

By: Jun 21st, 2026 12:48 am

एसडीएम ने बखरोट-भंथल सडक़ का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
कार्यालय संवाददाता-करसोग
उपमंडलाधिकारी करसोग गौरव महाजन ने शनिवार बखरोट-भंथल सडक़ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन विभागों के साथ मिलकर इस सडक़ मार्ग का एफसीए से संबंधित ज्वाइंट इंस्पेक्शन भी किया। एसडीएम ने मानसून सीजन के दृष्टिगत सडक़ मार्ग पर विभिन्न संवेदनशील स्थानों का जायजा भी लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सडक़ मार्ग की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि बरसात के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने विशेष रूप से सरकोल नाला तथा इसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

गौरव महाजन ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि संभावित जोखिम वाले स्थलों की पहचान कर समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने सडक़ किनारे मौजूद बड़े पत्थरों एवं चट्टानों को हटाने तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए, ताकि भारी वर्षा की स्थिति में सडक़ मार्ग सुरक्षित एवं सुचारू बना रहे। इस दौरान एसडीएम ने विभिन विभागों के साथ मिलकर सडक़ मार्ग का एफसीए से संबंधित ज्वाइंट इंस्पेक्शन भी किया। इस अवसर पर कार्यकारी अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग अजय राज गुप्ता, डीएफओ करसोग केबी नेगी सहित विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App