परमिट न होने पर लकड़ी से लदी दस गाडिय़ां जब्त, अंब-भरवाईं रेंज में वन विभाग की कार्रवाई
दिव्य हिमाचल टीम- गगरेट,अंब
वन माफिया के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध वन उपज से लदे दस वाहनों को जब्त किया है। पूरी रात चले विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान पकड़े गए किसी भी वाहन चालक के पास लकड़ी के परिवहन संबंधी वैध परमिट या अनुमति पत्र नहीं मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी वाहनों में प्रतिबंधित चौड़ी पत्ती वाली प्रजातियों की लकड़ी भरी हुई थी। विभाग ने भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शनिवार को वन विभाग को प्रतिबंधित वन उपज की अवैध आवाजाही की पुख्ता सूचना मिली थी। इस पर वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) ऊना के निर्देश पर अंब और भरवाईं रेंज में विशेष टीमें गठित की गईं। इसके बाद रात एक बजे से सुबह आठ बजे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान भरवाईं रेंज के कर्मचारियों ने देहरा डिवीजन की ओर से आ रहे दो वाहनों को पकड़ा, जबकि अंब रेंज में आठ वाहन दबोचे गए। इनमें सात वाहन ऊना डिवीजन और एक वाहन हमीरपुर डिवीजन से संबंधित बताया जा रहा है। जांच के दौरान किसी भी चालक के पास लकड़ी के परिवहन के लिए आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले। वन विभाग ने सभी वाहनों को अपने कब्जे में लेकर वन अपराध के मामले दर्ज कर लिए हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद लकड़ी निजी भूमि से काटी गई है या फिर सरकारी वन क्षेत्र से।
साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में वन विभाग के फील्ड स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्रवाई में रंजीत सिंह, संजीव कुमार, ऊषा ठाकुर, विक्रांत, नरेंद्र, साहिल, नरेश, विकास, शक्ति चंद सहित अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अवैध कटान और तस्करी में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। बरामद लकड़ी के स्रोत और पूरे गिरोह का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए भविष्य में भी प्रयास जारी रहेंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
