ओजोन तकनीक से शुद्ध पानी पिलाएगा विभाग, पेयजल शोधन के लिए ओजोनाइजेशन विधि पर काम शुरू
मुख्यमंत्री की घोषणा पर काम कर रहा जल शक्ति महकमा
मुख्य अभियंताओं को अपने जोन से 500 करोड़ की परियोजनाओं के प्रस्ताव भेजने के निर्देश
वरिष्ठ संवाददाता-शिमला
राज्य के शहरी स्थानीय निकायों में पेयजल शोधन के लिए ओजोनाइजेशन तकनीक को अपनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके तहत जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंताओं को अपने-अपने जोन से 500 करोड़ रुपए तक की परियोजनाओं के प्रस्ताव भेजने को कहा गया है। जल शोधन संयंत्रों में सुधार तथा आधुनिक कीटाणु शोधन व्यवस्था हेतु यह प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे, जिसके बाद राज्य सरकार इस में आगामी कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने बजट भाषण में ओजोनाइजेशन तकनीक अपनाने की घोषणा की थी। लिहाजा वह घोषणा को मूर्तरूप देने के लिए प्रदेश में तैयारी आरंभ हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जोनों के मुख्य अभियंताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के लिए जल शोधन संयंत्रों में सुधार तथा आधुनिक कीटाणुशोधन व्यवस्था स्थापित करने के प्रस्ताव तैयार करें। प्रत्येक जोन से 500 करोड़ रुपए तक की परियोजनाओं के प्रस्ताव भेजने को कहा गया है।
इन प्रस्तावों में जल शोधन संयंत्रों की क्षमता वृद्धि, नई तकनीकों की स्थापना, पुरानी संरचनाओं के सुधार और जल गुणवत्ता प्रबंधन से जुड़े अन्य कार्यों को शामिल किया जाएगा। तय रणनीति के तहत तीन चरण में इस परियोजना को लागू किया जाएगा। पहले चरण के तहत उन शहरी जलापूर्ति योजनाओं को शामिल किया जाएगा, जहां जल शोधन संयंत्र पहले से कार्यरत हैं, लेकिन उनमें आधुनिक ओजोनाइजेशन आधारित कीटाणुशोधन व्यवस्था की आवश्यकता है। इन संयंत्रों को नई तकनीक से सुसज्जित किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में उन जलापूर्ति योजनाओं को लिया जाएगा, जहां मौजूदा जल शोधन संयंत्रों के सुधार, पुनर्निर्माण अथवा नई कीटाणुशोधन प्रणाली स्थापित करने की आवश्यकता है। रणनीति के तहत तीसरे चरण में ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं को शामिल किया जाएगा। इस संबंध में राज्य स्तरीय तकनीकी सलाहकार समिति की बैठक में चर्चा हुई है और आगामी निर्देश जारी किए गए है। गत माह हुई इस बैठक में मुख्य अभियंता (डिजाइन) द्वारा एक विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
