सोलन अस्पताल के हाल…दवाइयों के लिए घंटों इंतजार
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में उमड़ी मरीजों की भीड़, इंतजार को लोग मजबूर, बैठने की सुविधाएं बढ़ाने की उठाई मांग
निजी संवाददाता-सोलन
सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल में शनिवार को भी मरीजों की भारी भीड़ उमडऩे से स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव साफ दिखाई दिया। सप्ताह का अंतिम कार्य दिवस होने के बावजूद अस्पताल के विभिन्न विभागों में सुबह से ही मरीजों और उनके परिजनों की लंबी कतारें लगी रहीं। पर्ची काउंटर से लेकर ओपीडी और दवा वितरण केंद्र तक हर जगह लोगों की भीड़ देखने को मिली। कई मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करने के लिए घंटों खड़ा रहना पड़ा, जबकि कुछ मरीज और उनके परिजन अस्पताल परिसर में जमीन पर बैठकर चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयों का इंतजार करते नजर आए। अस्पताल में सबसे अधिक दबाव सामान्य ओपीडी और दवा काउंटर पर देखा गया। दवा वितरण केंद्र के बाहर लगी लंबी कतारों के कारण मरीजों की आवाजाही प्रभावित हुई। स्थिति यह रही कि ऑर्थो ओपीडी तक पहुंचने वाले रास्ते पर भी भीड़ जमा हो गई, जिससे मरीजों को विभाग तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बुजुर्ग मरीजों, महिलाओं और दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों को विशेष रूप से परेशानी झेलनी पड़ी।
मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अस्पताल में प्रतिदिन बढ़ रही भीड़ के अनुरूप बैठने और प्रतीक्षा करने की सुविधाओं का विस्तार किया जाना चाहिए। कई लोगों ने बताया कि लंबे समय तक खड़े रहने के कारण उन्हें असुविधा हुई। वहीं कुछ मरीजों ने पर्ची और दवा काउंटरों पर अतिरिक्त व्यवस्था करने की मांग भी उठाई। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के कारण दूरदराज क्षेत्रों के लोग भी इसी अस्पताल का रुख करते हैं, जिसके चलते कई बार अस्पताल में अपेक्षा से अधिक भीड़ हो जाती है। इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक सोलन डा. राकेश पवार ने बताया कि अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। भीड़ को व्यवस्थित करने तथा मरीजों की सुविधा बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। डा. पवार ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
