चोर बेलगाम…क्रिमिनल बेखौफ, पांवटा में लोग परेशान
कानून व्यवस्था के लिए अलग से पुलिस जिला बनाए सरकार, व्यापारियों-पंचायत प्रतिनिधियों ने कार्रवाई की उठाई मांग
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब क्षेत्र में पिछले तीन-चार महीनों के दौरान चोरी, लूटपाट और नशे से जुड़े मामलों में बढ़ोतरी ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच अब पांवटा को अलग एसपी जिला बनाने की मांग तेज हो गई है। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जबकि रात के समय राहगीरों से मोबाइल, नकदी और आभूषण लूटने के मामले भी सामने आ रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि दुकानों और गोदामों में चोरी की घटनाओं से कारोबार प्रभावित हो रहा है और सुरक्षा पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार उत्तराखंड सीमा से सटे होने के कारण संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखना चुनौतीपूर्ण हो गया है। पुलिस चौकियों में स्टाफ और संसाधनों की कमी के चलते गश्त और त्वरित कार्रवाई प्रभावित होती है। व्यापारिक संगठनों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं का मानना है कि पांवटा में अलग एसपी कार्यालय स्थापित होने से अपराध नियंत्रण, गश्त और कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा। उनका कहना है कि जनसंख्या, औद्योगिक गतिविधियों और सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए पांवटा पुलिस जिले के मानकों पर खरा उतरता है। स्थानीय संगठनों ने इस मांग को लेकर जल्द सरकार और प्रशासन को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
