तकनीकी सहायक भर्ती पर बवाल
अभ्यर्थियों का आरोप, सूची में कर दिया हेरफेर, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
निजी संवाददाता- स्वारघाट
बिलासपुर में जनगणना के लिए तकनीकी सहायकों की भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भर्ती में धांधली के आरोप लगाते हुए अभ्यर्थी बलबीर सिंह और मीना देवी ने जिलाधीश बिलासपुर को शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत के अनुसार तकनीकी सहायक पद के लिए साक्षात्कार नौ अप्रैल 2026 को शिमला के खलीनी में आयोजित किया गया था। इसके बाद 18 अप्रैल 2026 को कंपनी की आधिकारिक ईमेल आईडी से 10 चयनित अभ्यर्थियों की पहली सूची जारी की गई, जिसे संबंधित विभागों और अधिकारियों को भी भेजा गया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि पहली सूची में बलबीर सिंह का नाम प्रथम स्थान पर और मीना देवी का नाम सातवें स्थान पर था । बाद में कथित रूप से सूची में फेरबदल कर दोनों के नाम हटा दिए गए और 15 अभ्यर्थियों की नई सूची जारी कर दी गई।
बलबीर सिंह ने आरोप लगाया कि कंपनी ने केवल चयन सूची ही नहीं बदलीए बल्कि ऐसे लोगों को भी तकनीकी सहायक नियुक्त कर दिया जो साक्षात्कार में उपस्थित ही नहीं हुए थे। उन्होंने कहा कि यह केवल भर्ती घोटाला नहीं बल्कि मेहनत करने वाले युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ है। बलबीर सिंह ने भावुक होकर कहा कि वह गरीब परिवार से संबंध रखते हैं और नौकरी पाने के लिए केवल मेहनत पर भरोसा करते हैं। उनके अनुसार इस कथित धांधली ने न सिर्फ उनका रोजगार छीना बल्कि उनके परिवार की उम्मीदों को भी गहरा झटका दिया। अभ्यर्थियों ने प्रशासन से मांग की है कि साक्षात्कार वाले दिन की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जाए ताकि यह साफ हो सके कि कौन.कौन अभ्यर्थी इंटरव्यू में शामिल हुए थे और किनका चयन हुआ। साथ ही उन्होंने हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की मांग उठाई है। जल्द न्याय की उम्मीद है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
