एक करोड़ के 829 मोबाइल किए बरामद
सिरमौर पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल के जरिए गुम और चोरी हुए मोबाइलों को जब्त कर मालिकों को लौटाया
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
सिरमौर पुलिस ने भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल का प्रभावी उपयोग करते हुए गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पोर्टल शुरू होने के बाद से अब तक पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपए मूल्य के 829 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे हैं। एसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि एक जुलाई से पांच अगस्त-2026 के बीच 18 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस किए गए। सीईआईआर पोर्टल की निगरानी और विश्लेषण का कार्य साइबर कमांडो कांस्टेबल प्रदीप द्वारा किया जाता है, जबकि जिले के सभी थानों के नोडल अधिकारी ट्रेस हुए मोबाइल बरामद कर वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी करते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत संबंधित पुलिस थाने में सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल पर जाकर मोबाइल ब्लॉक करवाएं। साथ ही मोबाइल का आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखने और बिना सत्यापन के सेकंड हैंड मोबाइल न खरीदने की भी सलाह दी गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
