आईटीसी की सीएसआर नालागढ़ में शिक्षा की पहल

By: Aug 6th, 2026 12:50 am

जल संरक्षण और आंगनबाड़ी सुविधाओं को मिली नई मजबूती, जनकल्याणकारी परियोजनाओं का किया लोकार्पण
निजी संवाददाता-नालागढ़
शिक्षा जल संरक्षण और बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र एवं सतत विकास की मजबूत नींव हैं। यह बात उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने नालागढ़ में आईटीसी लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व सीएसआर पहल के तहत विकसित विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं के लोकार्पण अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि प्रशासन और निजी क्षेत्र के समन्वित प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।उपायुक्त ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खेड़ा नोनोवाल में भवन के सौंदर्यीकरण और नव.निर्मित शौचालय का लोकार्पण किया। इसके अलावा राजकीय प्राथमिक पाठशाला बागवाला बेरसन पंगा में भवन के सौंदर्यीकरण तथा मिड-डे मील शेड का उद्घाटन भी किया। उन्होंने ग्राम नोनोवाल में निर्मित अर्थन डैम तथा खेड़ा चक्क.2 आंगनवाड़ी केंद्र में सुरक्षा दीवार शौचालय और भवन के नवीनीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया।

मनमोहन शर्मा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक अधोसंरचना स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण और जल संरक्षण से जुड़ी परियोजनाएं बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के साथ-साथ ग्रामीण समुदाय के सतत विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने आईटीसी लिमिटेड द्वारा सीएसआर के माध्यम से शिक्षा महिला एवं बाल विकास तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने मदर्स लाइब्रेरी किट का वितरण किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया जबकि कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। उन्होंने आईटीसी लिमिटेड की विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन कर परियोजनाओं की जानकारी भी ली।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App