चुनावी गारंटी के नाम पर मातृशक्ति से धोखा
पूर्व मंत्री बोले, 2022 में हर महिला को 1,500 रुपए का वादा, अब शर्तों में उलझी योजना
नगर संवाददाता-ऊना
पूर्व मंत्री तथा वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र कंवर ने कांग्रेस सरकार पर हिमाचल प्रदेश की महिलाओं के साथ चुनावी वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने प्रदेश की हर महिला को 1,500 प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद इस वादे को पात्रता, आय सीमा और अन्य शर्तों में बांट दिया गया। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी ने 18 नवंबर 2022 को हिमाचल में स्पष्ट रूप से महिलाओं को 1,500 प्रतिमाह देने का वादा किया था। यह कांग्रेस की प्रमुख चुनावी गारंटियों में शामिल था। चुनावों के दौरान महिलाओं से इस संबंध में फार्म भी भरवाए गए और उन्हें भरोसा दिलाया गया कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद उन्हें नियमित आर्थिक सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने इस वादे का स्वरूप ही बदल दिया। मार्च 2024 में योजना को पात्रता की विभिन्न शर्तों से जोड़ दिया गया तथा सरकारी कर्मचारी और पेंशनर परिवारों सहित कई वर्गों को इससे बाहर रखा गया। बाद में आय सीमा जैसी शर्तें भी सामने आईं।
सर्पदंश से बचाव के लिए जागरूक करे सरकार
बंगाणा। प्रदेश में लगातार सामने आ रहे सर्पदंश के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र कंवर ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग से सर्पदंश की रोकथाम तथा उपचार के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र कुटलैहड़ और जिला ऊना में आए दिन सर्पदंश के मामले सामने आ रहे हैं। बरसात के मौसम में सर्पदंश का खतरा और बढ़ जाता है, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन को इस दिशा में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
