कराड़ाघाट के पास निजी बस-ट्रक में टक्कर

By: Aug 28th, 2026 12:50 am

सवारियों को आईं हल्की चोटें; चालक साइड की लाइट, बंपर क्षतिग्रस्त, कोई जानी नुकसान नहीं
निजी संवाददाता-दाड़लाघाट
एनएच-205 शिमला-मंडी मार्ग पर कराड़ाघाट के समीप बुधवार को निजी मिनी बस और ट्रक की आपस में टक्कर हो गई। हादसा करीब 11.30 बजे पेश आया। टक्कर में बस का अगला हिस्सा, चालक साइड की लाइट, बंपर और फ्रंट शो क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार निजी मिनी शालाघाट से दाड़लाघाट की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक दाड़लाघाट से शालाघाट की ओर आ रहा था। कराड़ाघाट के समीप दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। बस में करीब 10 सवारियां मौजूद थीं। हादसे की सूचना मिलने पर दाड़लाघाट पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी अर्की भेजा गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण करवाया गया।

पुलिस की तफ्तीश के दौरान पाया गया कि बस के अगले हिस्से को चालक साइड से नुकसान हुआ, जबकि ट्रक के चालक साइड की तरफ पीछे डाले के पास आंशिक नुकसान हुआ। हादसे में दोनों वाहनों के चालकों की गलती पाई गई। बाद में बस चालक और अन्य संबंधित पक्षों ने निजी स्तर पर उपचार करवाने की बात कही। बस चालक तथा सवारियों को लगी चोटें सामान्य बताई गईं। बाद में बस के मालिक ओम प्रकाश और ट्रक मालिक अमन की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हुआ। दोनों पक्षों ने अपने-अपने नुकसान की भरपाई स्वयं करने तथा बस चालक के उपचार का खर्च बस मालिक द्वारा वहन करने पर सहमति जताई। दोनों पक्षों ने पुलिस से मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करवाने की इच्छा जताई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App