राजेंद्र राणा के खिलाफ भोरंज-बड़सर थाना में शिकायत, सरकार के विरुद्ध झूठे आरोप लगाने का है मामला

By: Aug 7th, 2026 12:01 am

सरकार के विरुद्ध झूठे आरोप लगाने का मामला, एफआईआर दर्ज करने की मांग

स्टाफ रिपोर्टर — हमीरपुर

सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा के खिलाफ गुरुवार को भोरंज और बड़सर थाना में शिकायतें दी गई हैं। ये शिकायतें प्रदेश सरकार के विरुद्ध बिना तथ्यों के वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाने पर दी गई हैं और पूर्व विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। भोरंज थाना में कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन रामचंद्र पठानिया व महिला कांग्रेस अध्यक्ष मधुबाला ने अन्य कांग्रेस समर्थकों सहित लिखित शिकायत दर्ज करवाई है, जबकि बड़सर थाना में बड़सर थाना में हिमुडा निदेशक इंजीनियर राजेश बन्याल की अगवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत पत्र सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस नेता विशाल राणा, मनोज शर्मा, सुशील शर्मा और भोलू विशेष रूप से उपस्थित रहे। पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज करने के लिए उच्च अधिकारियों से परामर्श कर रही है। शिकायत पत्र में कहा गया है किबीते दिनों राजेंद्र राणा ने हमीरपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान बिना किसी तथ्यात्मक साक्ष्य के सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सार्वजनिक रूप से इस तरह के अनर्गल बयान देने से जनता के मन में संवैधानिक व वैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा हो रहा है। इसके साथ ही ऑन ड्यूटी अधिकारियों पर राजनीतिक दबाव बनाने और उन्हें भयभीत करने का प्रयास किया गया है। पुलिस प्रशासन से मांग की जाती है कि प्रेस वार्ता के वीडियो और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित कर मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि सार्वजनिक शांति और संस्थाओं की साख बनी रहे। इसी तरह भोरंज महिला कांग्रेस अध्यक्ष मधुबाला, महासचिव पूनम, प्रियंका ने भी शिकायत दर्ज करवाई है और एफआईआर करने की मांग की है। डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने बताया कि पूर्व विधायक राजेंद्र राणा के खिलाफ शिकायतें मिली हैं। इस पर पुलिस जांच कर आगामी कार्यवाही कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App