ड्रॉप्स ऑफ होप सोसायटी को मिला सम्मान
संवेदना-2 सम्मान समारोह में स्वैच्छिक रक्तदान के लिए राज्यपाल ने किया सम्मानित
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – नाहन
स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से अब तक सैकड़ों लोगों की जान बचाकर समाज सेवा में अग्रणी भूमिका निभा रहे ड्रॉप्स ऑफ होप सोसायटी नाहन को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए लोक भवन शिमला में आयोजित ‘संवेदना-2’ सम्मान समारोह के दौरान राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने उल्लेखनीय योगदान के लिए ड्रॉप्स ऑफ होप सोसायटी नाहन को सम्मानित किया। इस अवसर पर सोसायटी के संस्थापक अध्यक्ष ईशान राव सहित सदस्य राजीव सोढा, अंकुश और करण सिंह को सम्मान प्रदान कर उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की गई। यह समारोह नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (एनआईएफए) द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें देश भर से सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और समाजसेवियों को मानव सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत बनाने की शपथ भी दिलाई और युवाओं से समाज सेवा तथा जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। गौर हो कि ड्रॉप्स ऑफ होप सोसायटी ने विशेष रूप से कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में भी रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों की सहायता के लिए लगातार अभियान चलाए। समारोह में एनआईएफए के संस्थापक अध्यक्ष सरदार प्रीतपाल सिंह पन्नू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नशे से दूर रहने के लिए युवाओं को भी कर रहे प्रेरित
ड्रॉप्स ऑफ होप सोसायटी के अध्यक्ष ईशान राव ने कहा कि सोसायटी के वर्तमान में डेढ़ हजार से अधिक सदस्य हमेशा रक्तदान के लिए समर्पित रहते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान के साथ-साथ युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने को लेकर भी जागरूक किया जा रहा है। हर माह चार से पांच दर्जन यूनिट ब्लड सोसायटी द्वारा डोनेट किया जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
