लंबित ऋण मामलों का शीघ्र करें निपटारा

By: Aug 28th, 2026 12:52 am

डा. परमार विद्यार्थी ऋण योजना के पात्र छात्रों को प्राथमिकता से दें ऋण, उपायुक्त ने बैंकों को दिए निर्देश
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने बैंकों को डा. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर दिलाने में बैंक अहम भूमिका निभा सकते हैं। सोलन में यूको बैंक की जिला सलाहकार समिति की 183वीं त्रैमासिक एवं जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि योजना के तहत व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षा, डिप्लोमा, डिग्री तथा पीएचडी के लिए एक प्रतिशत ब्याज दर पर अधिकतम 20 लाख रुपए तक शिक्षा ऋण का प्रावधान है।

उन्होंने बैंकों से लंबित ऋण मामलों का शीघ्र निपटारा करने और एमएसएमई के लिए प्राप्त आवेदनों पर पात्रता के अनुसार जल्द कार्रवाई करने को कहा। साथ ही किसानों को फसल व पशु बीमा के लिए प्रेरित करने और गांवों में लघु प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि 30 जून, 2026 तक प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत सोलन जिले में 4722 लाभार्थियों को 124.49 करोड़ रुपए के ऋण स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, 1210 स्वयं सहायता समूहों को 24.26 करोड़ रुपए का ऋण उपलब्ध करवाया जा चुका है। यूको आरसेटी की निदेशक मीनू बारिया ने बताया कि पिछली तिमाही में सात प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से 201 पात्र लाभार्थियों को नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App