धर्मशाला में रेस्तरां के किचन में आग
धुआं उठते ही मची अफरा-तफरी, आग लगने के कारणों की जांच शुरू
स्टाफ रिपोर्टर – धर्मशाला
धर्मशाला शहर के पुलिस थाना के समीप बाबा साहेब अंबेडकर चौक स्थित श्यामनगर-रामनगर मार्ग पर बुधवार दोपहर एक रेस्तरां के किचन में अचानक आग भडक़ गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, और इसकी सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा और भारी नुकसान टल गया। आग से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि रेस्तरां में पांच हज़ार के करीब नुक्सान का आरंभिक आकलन बताया जा रहा है।
दमकल अधिकारी धर्मशाला राजेश गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और किचन में लगी आग पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण किचन क्षेत्र में उत्पन्न हुई तकनीकी गड़बड़ी अथवा गैस संबंधी कारण माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने होटल एवं रेस्तरां संचालकों से गैस पाइपलाइन, विद्युत उपकरणों और अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच कराने तथा आग से बचाव के सभी आवश्यक उपाय अपनाने की अपील की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
