एक हफ्ते में सामान्य होगी गैस सप्लाई
सेब सीजन में नहीं होगी एलपीजी की किल्लत, कलबोग के 600 उपभोक्ताओं का बैकलॉग होगा खत्म
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
सेब सीजन के बीच कोटखाई में रसोई गैस की किल्लत पर सरकार ने सख्ती दिखाई है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने गुरुवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र में एलपीजी आपूर्ति सामान्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेब सीजन में लोगों को गैस के लिए परेशान नहीं होना चाहिए और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोटखाई में करीब 15,400 एलपीजी कनेक्शन हैं। कलबोग में करीब 1,200 उपभोक्ताओं में से 600 को गैस मिल चुकी है, जबकि 600 का बैकलॉग बाकी है। बैकलॉग खत्म करने के लिए 250 सिलेंडर भेजे गए हैं। खन्नेटी-पुड़? क्षेत्र में 500 कनेक्शनों को भी गैस आपूर्ति की जा चुकी है।
मंत्री ने कोटखाई की कुछ पंचायतों को नारकंडा गैस एजेंसी से जोडऩे की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही गुम्मा में नई गैस एजेंसी खोलने और कलबोग में नई एजेंसी के लिए आवेदन आमंत्रित करने को कहा। अधिकारियों के अनुसार कलबोग में तीन महीने से गैस आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। बैठक में डिलीवरी प्रमाणीकरण कोड से जुड़ी दिक्कतों पर भी चर्चा हुई। भारतीय तेल निगम से अतिरिक्त एलपीजी लोड उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने एक सप्ताह में समस्या दूर करने का भरोसा दिलाया। जिला शिमला में जनवरी से जुलाई तक 3.14 लाख एलपीजी कनेक्शन दर्ज हुए। इस दौरान करीब 9.85 लाख घरेलू और 86,556 वाणिज्यिक रिफिल की बिक्री हुई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
