राज्यपाल ने सनातन धर्म सभा कुटपलिहान को दिया सम्मान
रक्तदान सेवा पर मिला राष्ट्रीय सम्मान
स्टाफ रिपोर्टर-डलहौजी
सनातन धर्म सभा कुटपलिहान, जिला चंबा को रक्तदान एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय कलाकार एवं समाजसेवी समन्वय मंच की ओर से ‘राष्ट्रीय सामाजिक प्रभाव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। दो अगस्त को शिमला में आयोजित सम्मान समारोह में महामहिम राज्यपाल ने संस्था के प्रतिनिधियों को यह सम्मान प्रदान किया। विशेष बात यह रही कि सनातन धर्म सभा कुटपलिहान को राज्यपाल के हाथों दूसरी बार सम्मानित होने का गौरव प्राप्त हुआ है। यह सम्मान संस्था द्वारा ‘संवेदना-द्वितीय’ राष्ट्रव्यापी रक्तदान एवं जनजागरूकता अभियान के तहत रक्तदान शिविरों के सफल आयोजन तथा स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान ग्रहण करने वालों में संस्था के अध्यक्ष पंडित अमन शास्त्री, संस्थापक दर्शन शर्मा, मुख्य सलाहकार वीरेंद्र सिंह, सुनील कुमार तथा मीडिया प्रभारी राकेश कुमार शामिल रहे। संस्था की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि तब जुड़ी, जब इंग्लैंड स्थित वल्र्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस ने भी संस्था को प्रशंसा-पत्र प्रदान किया। प्रमाण-पत्र में ‘संवेदना-द्वितीय 2025’ अभियान के तहत देशभर में आयोजित 1,055 रक्तदान शिविरों में संस्था के सहयोग और सक्रिय योगदान की सराहना की गई है। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष पंडित अमन शास्त्री ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि संस्था के सभी पदाधिकारियों, रक्तदाताओं, समाजसेवियों, सहयोगियों और क्षेत्र की जनता की सामूहिक सेवा भावना का सम्मान है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी रक्तदान और जनकल्याण के क्षेत्र में इसी समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
