हरि पहलवान ने बड़ी माली की अपने नाम

By: Aug 6th, 2026 12:50 am

चुरूवाधार संस्कृति और कुश्ती का संगम; पहलवानों ने दिखाया दमखम, विजेताओ को दिया सम्मान
निजी संवाददाता – राजगढ़
राजगढ़ उपमंडल के चुरूवाधार स्थित कुफ्फर जोहड़ी में श्रावण मास की 20 गते को आयोजित होने वाला ऐतिहासिक एवं पारंपरिक शनोल मेला धूमधाम से मनाया गया। स्त्रोन देवता को समर्पित यह मेला वर्षों से अपनी धार्मिक परंपराओं और उत्तर भारत के नामी पहलवानों के दंगल के लिए विशेष पहचान रखता है। मेले का शुभारंभ पारंपरिक छड़ी यात्रा के साथ हुआ। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर स्त्रोन देवता का आशीर्वाद प्राप्त किया। मेले के उद्घाटन समारोह में वर्मा ज्वैलर्स सोलन के प्रबंध निदेशक अक्षय वर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मेले का मुख्य आकर्षण पारंपरिक दंगल रहा, जिसमें उत्तर भारत के कई नामी पहलवानों ने दमखम दिखाया। दंगल में तीन मालियों का आयोजन किया गया।

11 हजार रुपए की छोटी माली चेतन और सूरज बोहली के बीच खेली गई, जिसमें चेतन पहलवान विजेता रहे। 15 हजार रुपए की मध्य माली अजय दीप और रिंकू पहलवान के बीच हुई, जिसमें अजय दीप पहलवान ने जीत दर्ज की। दंगल की सबसे बड़ी और रोमांचक 51 हजार रुपए की बड़ी माली आशीष पहलवान और हरि पहलवान के बीच खेली गई। हरी पहलवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी माली अपने नाम कर ली। विजेता पहलवानों को मुख्यातिथि द्वारा नकद पुरस्कार के साथ हनुमान जी की गदा भेंट कर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में फूल मंडी गाजीपुर के प्रवेश चौहान ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ नगर पंचायत के उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, अनिल पुंडीर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मेला समिति ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App