आवारा पशुओं के आतंक से लोग दहशत में

By: Aug 6th, 2026 12:49 am

गलियों व सडक़ों पर आवारा कुत्तों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी
कार्यालय संवाददाता – नाहन
सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में आवारा पशुओं के आतंक से शहर के लोग खौफ में हैं। आए दिन आवारा पशुओं व आवारा कुत्तों की आपसी लड़ाई में शहर के लोग मुसीबत में पड़ रहे हैं। हालत यह है कि पिछले कई दिनों से शहर में आवारा पशुओं और आवारा कुत्तों की संख्या में अचानक इजाफा हो गया है, जिससे शहर में दहशत का माहौल है। ताजे मामले में नाहन शहर के व्यस्त बस स्टैंड के समीप सर्कुलर रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सडक़ पर घूम रहे दो आवारा सांड अचानक आपस में भिड़ गए। दोनों सांडों की जोरदार भिड़ंत के कारण कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों सांड काफी देर तक सडक़ के बीचोंबीच एक-दूसरे पर हमला करते रहे। अचानक हुई इस घटना से वाहन चालकों को अपने वाहन रोकने पड़े, जबकि राहगीरों ने जान बचाने के लिए इधर-उधर भागकर सुरक्षित स्थानों का सहारा लिया।

स्थानीय लोगों की सतर्कता और सूझ-बूझ के चलते स्थिति को संभाला गया, जिसके बाद संभावित दुर्घटना टल सकी। । यह आवारा कुत्ते झुंड में गलियों व सडक़ों पर आने जाने वाले लोगों पर भौंकना शुरू कर देते हैं। शहरवासियों का कहना है कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर आवारा पशुओं को पकडऩे और उन्हें सडक़ों से हटाने के लिए अभियान चलाए गए हैं। पशुओं को खुले में छोडऩे वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि शहर में आवारा पशुओं व आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए प्रभावी और दीर्घकालिक योजना बनाई जाए। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि समय रहते इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
बाक्स
नाहन शहर में घूम रहे आवारा पशु व आवारा कुत्तों को लेकर पशुपालन विभाग व प्रशासन के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। जिन लोगों ने घरों में पालतू पेट्स पाले हुए हैं वह पंजीकरण अवश्य करवाएं अन्यथा नियम के तहत कार्रवाई होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App