आईईसी यूनिवर्सिटी में हवन के साथ नए सत्र का शुभारंभ
ओरिएंटेशन कार्यक्रम में छात्रों को आधुनिक शिक्षण प्रणाली, अनुशासन और कैंपस सुविधाओं की दी जानकारी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
आईईसी यूनिवर्सिटी बद्दी में बुधवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ पारंपरिक और उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन-यज्ञ से हुई। विश्वविद्यालय के कुलपति, रजिस्ट्रार, विभिन्न संकायों के डीन, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने यज्ञ में आहुतियां देकर नए सत्र की सफलता, ज्ञान और समृद्धि की कामना की। ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, एंटी-रैगिंग नीति, अनुशासन, परीक्षा प्रणाली तथा आधुनिक शिक्षण पद्धति की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, सेंट्रल डिजिटल लाइब्रेरी, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, प्लेसमेंट सेल और अन्य छात्र सुविधाओं से भी परिचित कराया गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर अपने शैक्षणिक और व्यावसायिक भविष्य को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि आईईसी यूनिवर्सिटी का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने छात्रों से अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास और उद्योगोन्मुख शिक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में तकनीकी दक्षता और व्यवहारिक ज्ञान ही सफलता की कुंजी है। कार्यक्रम के समापन पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उनके संबंधित विभागों का भ्रमण कराया गया। विभागाध्यक्षों, प्राध्यापकों और वरिष्ठ विद्यार्थियों ने उन्हें शैक्षणिक गतिविधियों, शोध कार्यों और कैंपस जीवन से जुड़ी जानकारी दी। विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया, जिससे उन्होंने नए शैक्षणिक जीवन की शुरुआत उत्साह, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
