एचआरटीसी बस को पास देते वक्त पलटा राशन से भरा ट्रक
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
जनजातीय उपमंडल पांगी के किलाड़ में राशन से लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक और परिचालक घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल किलाड़ में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार खाद्य आपूर्ति निगम का गेहूं लेकर चंबा से पांगी जा रहा ट्रक किलाड़ गोदाम से करीब 700-800 मीटर पहले प्रघवाल मोड़ के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक एचआरटीसी की बस को रास्ता देने के लिए ट्रक को पीछे कर रहा था। इसी दौरान सडक़ का डंगा धंस गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर नीचे वाली सडक़ पर जा गिरा। गनीमत रही कि ट्रक निचली सडक़ पर लगे क्रैश बैरियर से टकराकर रुक गया।
यदि बैरियर न होते तो ट्रक गहरी खाई में गिर सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में किलाड़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक व परिचालक को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, आवासीय आयुक्त पांगी अमनदीप सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह सडक़ का डंगा धंसना माना जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
