फीस बढ़ाने पर विद्यार्थी परिषद लाल

By: Aug 6th, 2026 12:49 am

कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर और धर्मशाला कालेज में एबीवीपी ने खोला मोर्चा
कार्यालय संवाददाता- पालमपुर
प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि, विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटों की कटौती तथा रिक्त शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय पदों को शीघ्र भरने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय परिसर में सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विभागों के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने फीस वृद्धि वापस लेने, आईसीएआर सीटों को पूर्ववत बहाल करने तथा विश्वविद्यालय में रिक्त पदों को भरने की मांग उठाई। छात्रों ने राज्यपाल, राज्य सरकार एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से मामले में हस्तक्षेप कर छात्र हित में निर्णय लेने का आग्रह किया। प्रदर्शन के दौरान ‘शिक्षा का व्यावसायीकरण बंद करो’ और ‘पूरी फीस लेते हो, बदले में क्या देते हो‘ जैसे नारों ने परिसर गूंज उठा। एबीवीपी ने कहा कि हाल ही में लागू नई शुल्क संरचना एवं सीटों में कटौती से विशेष रूप से ग्रामीण, किसान एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। परिषद ने विश्वविद्यालय में 21 अगस्त 2023 से स्थायी कुलपति का पद रिक्त होने पर भी चिंता व्यक्त की। एबीवीपी कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर इकाई अध्यक्ष शैफाली ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ बढ़ाने के बजाय शिक्षा की गुणवत्ता, शोध सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर ध्यान दे। एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि विद्यार्थियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो परिषद छात्र हितों की रक्षा के लिए आंदोलन को
और व्यापक करेगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों की होगी।

सिटी रिपोर्टर- धर्मशाला
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की इकाई ने छात्र हितों और कालेज की मूलभूत सुविधाओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। सुबह करीब साढ़े 11 बजे शुरू हुए प्रदर्शन में एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में कालेज के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न मांगें उठाई गई। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से फीस में 25 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का विरोध किया। उन्होंने कहा कि फीस बढऩे से विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। एबीवीपी ने फीस वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की। इसके साथ ही छात्र संघ चुनाव जल्द बहाल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों की लोकतांत्रिक भागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए इन्हें दोबारा शुरू किया जाना चाहिए। एबीवीपी इकाई अध्यक्ष केशव मसंद ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कॉलेज परिसर में मूलभूत सुविधाओं, शैक्षणिक संसाधनों और विद्यार्थियों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई फीस वापस लेकर छात्रों को राहत दी जानी चाहिए। एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को प्रदेशभर में और तेज किया जाएगा। संगठन ने कहा कि फीस वृद्धि वापस नहीं ली गई तो 3 दिसंबर 2025 की तर्ज पर दोबारा बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App