नन्हे हाथों ने जवानों की कलाई पर बांधा रक्षासूत्र
कैंब्रिज स्कूल पालमपुर के छात्रों ने पुलिस स्टेशन व होल्टा आर्मी कैंट पहुंचकर मनाया रक्षाबंधन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- पालमपुर
कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल पालमपुर के कक्षा प्रथम एवं द्वितीय के नन्हें विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पुलिस स्ट्रेशन एवं होल्टा आर्मी कैंट का भ्रमण कर सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान, प्रेम एवं कृतज्ञता व्यक्त की। विद्यार्थियों ने पुलिस कर्मियों एवं सैनिकों को तिलक लगाकर राखी बांधी, मिठाई खिलाई तथा रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कक्षा द्वितीय के विद्यार्थियों ने एसएचओ भूपिंद्र सिंह ठाकुर, सब-इंस्पेक्टर इंद्र सिंह एवं पुलिस स्टाफ को राखी बांधी। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बच्चों को स्मेहपूर्वक आशीर्वाद दिया। कक्षा प्रथम के विद्यार्थियों ने होल्टा आर्मी कैंट में लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाल टंडन, ऑफिसर कमांडिंग, मेजर प्रशांत यादव एवं अन्स जवानों को राखी बांधकर उनके साहस, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा के लिए आभार व्यक्त किया।
सेना के अधिकारियों एवं जवानों ने बच्चों के स्नेहपूर्ण व्यवहार की सराहना करते हुए उन्हें देशभक्ति, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं आत्मीयता के साथ इस विशेष अवसर में भाग लिया और सुरक्षा बलों के योगदान को समझा। विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रिया कपिल के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था। प्रधानाचार्या ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का त्योहार नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा, सम्मान और आत्मीयता का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजन बच्चों में सेवा, सम्मान एवं राष्ट्र प्रेम जैसे मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। यह आयोजन बच्चों के लिए प्रेम, कृतज्ञता, देशभक्ति और सम्मान से भरा एक यादगार अनुभव रहा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
