पूर्व सैनिकों को टीजीटी पद पर नियुक्ति, ट्रेनी आधार पर मिली तैनाती, सब-कैडर क्षेत्र में देनी होंगी सेवाएं
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने पूर्व सैनिक कोटे के तहत तीन पूर्व सैनिकों को टीजीटी आट्र्स के पद पर ट्रेनी आधार पर नियुक्ति प्रदान की है। 20 जुलाई 2026 को हुई काउंसिलिंग के आधार पर ये नियुक्तियां की गई हैं। अभ्यर्थियों को अपने निर्धारित स्कूल में आदेश जारी होने के दस दिन के भीतर कार्यभार ग्रहण करना होगा। ज्वाइनिंग से पहले संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य/ मुख्याध्यापक के साथ न्यायिक कागज पर आवश्यक बॉन्ड भी भरना होगा। बॉन्ड पूरा होने के बाद ही ज्वाइनिंग रिपोर्ट स्वीकार की जाएगी। नियुक्ति प्रारंभ में एक वर्ष के ट्रेनी आधार पर होगी। एक वर्ष पूरा होने के बाद संबंधित अभ्यर्थी को फिर से ट्रेनी एग्रीमेंट करना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अभ्यर्थी को अस्थायी तौर पर नॉन-सब-कैडर क्षेत्र में तैनाती दी गई है तो विभाग की आवश्यकता के अनुसार उसे सब-कैडर क्षेत्र में सेवाएं देनी होंगी।
वहीं ग्रामीण, हार्ड या जनजातीय क्षेत्र में नियुक्ति मिलने के बाद सामान्य क्षेत्र में तबादले या पोस्टिंग बदलने का लाभ तत्काल नहीं मिलेगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि अभ्यर्थी केवल ग्रामीण, हार्ड या जनजातीय क्षेत्र में तैनाती होने के कारण ज्वाइन नहीं करता है तो नियमों के तहत उसे निर्धारित अवधि तक दोबारा नियुक्ति के लिए विचार से बाहर किया जा सकता है।
निशांत कुमार होंगे परागपुर के एसडीएम
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने वर्ष 2020 बैच के एचपीएएस अधिकारी निशांत कुमार को कांगड़ा जिला के परागपुर में उपमंडल अधिकारी (नागरिक) यानी एसडीएम नियुक्त किया है। कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार निशांत कुमार वर्तमान में पोस्टिंग की प्रतीक्षा में थे। वह पहले कुल्लू में एसडीएम के पद पर थे, लेकिन रेव पार्टी से संबंधित केस में हाईकोर्ट ने इनके तबादले के आदेश जारी किए थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
