परीक्षा में लापरवाही पर अधिकारियों को नोटिस, CCTV में कैद हुई कोताही पर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने पूछा कारण

By: Sep 23rd, 2026 9:43 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने एसओएस परीक्षाओं में कोताही बरतने वाले परीक्षा केंद्रों पर कड़ा चाबुक चलाया है। निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षाएं संपन्न करवाने के उद्देश्य से जब बोर्ड ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से केंद्रों की लाइव निगरानी की, तो कई जगहों पर नियमों की अनदेखी सामने आई। इस गंभीर लापरवाही पर कड़ा संज्ञान लेते हुए शिक्षा बोर्ड ने संबंधित परीक्षा केंद्रों के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए हैं, जिससे शिक्षा महकमे में हडक़ंप मच गया है। बोर्ड द्वारा परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, निगरानी के दौरान कुछ परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड द्वारा तय किए गए नियमों और दिशा-निर्देशों के पालन में भारी लापरवाही बरती जा रही थी। यह पूरी कार्यप्रणाली मुख्यालय की नजर से नहीं बच सकी और सीसीटीवी सर्विलांस में लापरवाही पकड़ी गई।

इसके तुरंत बाद बोर्ड प्रबंधन ने एक्शन लेते हुए संबंधित परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षक, उप-केंद्र अधीक्षक और केंद्र समन्वयकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए हैं। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने इस मामले में कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर होने वाली लापरवाही को बोर्ड बेहद गंभीरता से ले रहा है। डा. शर्मा ने कहा, सीसीटीवी के माध्यम से हमारी हर गतिविधि पर पैनी नजर है। जहां भी दिशा-निर्देशों की अनदेखी या निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया जाएगा, वहां सीधे तौर पर अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों को सख्त हिदायत दी है कि बोर्ड के निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित किया जाए।

बोर्ड ने लिखित में मांगा स्पष्टीकरण

बोर्ड ने नोटिस प्राप्त करने वाले सभी अधिकारियों को एक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश दिए हैं। अब इन अधिकारियों से प्राप्त होने वाले स्पष्टीकरण और उपलब्ध सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सहित अन्य तथ्यों की गहन जांच की जाएगी। जांच के उपरांत, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बोर्ड का यह एक्शन साफ संकेत देता है कि परीक्षाओं में ढिलाई बरतने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App