श्रीकांत शर्मा फिर हिमाचल भाजपा प्रभारी, राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा करते हुए हिमाचल प्रदेश के प्रभारी के रूप में श्रीकांत शर्मा को पुन: जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह को हिमाचल प्रदेश भाजपा का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश की पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रीना कश्यप को जम्मू-कश्मीर भाजपा का सह-प्रभारी बनाकर महत्त्वपूर्ण संगठनात्मक दायित्व सौंपा गया है। बुधवार को जारी राष्ट्रीय स्तर की सूची में जम्मू-कश्मीर के प्रभारी की जिम्मेदारी डा. सतीश पूनिया को दी गई है।
श्रीकांत शर्मा उत्तर प्रदेश की मथुरा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं और उत्तर प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री रह चुके हैं। हिमाचल प्रदेश के सह-प्रभारी के रूप में नियुक्त दर्शना सिंह उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं।
रीना कश्यप को बड़ी जिम्मेदारी

राष्ट्रीय नेतृत्व ने हिमाचल प्रदेश के संगठन को प्रतिनिधित्व देते हुए पच्छाद की विधायक रीना कश्यप को जम्मू-कश्मीर का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। संगठनात्मक सूची में जम्मू-कश्मीर के प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया तथा सह-प्रभारी के रूप में रीना कश्यप का नाम दर्ज है। रीना कश्यप हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की पच्छाद विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करती हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
