प्रदेश में 15 शहरी ब्रांच डाकघर होंगे बंद, केंद्र की युक्तिकरण नीति के तहत हो रही कार्रवाई
केंद्र की युक्तिकरण नीति के तहत हो रही कार्रवाई, नजदीकी डाकघरों में मर्ज करने का विभाग का तर्क
स्टाफ रिपोर्टर- धर्मशाला
देशभर में शहरी क्षेत्रों में संचालित शाखा यानि ब्रांच डाकघरों को बंद करने और दूसरे डाकघरों में मर्ज करने की प्रक्रिया पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी शुरू हो गई है। प्रदेश भर में कुल 15 शहरी ब्रांच पोस्ट ऑफिस को बंद किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। इसमें 13 ब्रांच डाकघर बंद व मर्ज किए जा चुके हैं। जबकि प्रदेश के अन्य शहरी क्षेत्रों में भी शाखा डाकघरों को मर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। डाक विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य डाक नेटवर्क का युक्तिकरण करना बताया जा रहा है।
हालांकि, ब्रांच डाकघर बंद होने से स्थानीय लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और पेंशनधारकों को नजदीकी डाकघर में मिलने वाली सुविधाओं के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ सकती है। केंद्र सरकार के डाक विभाग ने 13 नवंबर 2025 को शाखा डाकघरों के युक्तिकरण को लेकर निर्देश जारी किए थे। डाक विभाग हिमाचल प्रदेश के अस्सिटेंट डायरेक्टर अनोखे लाल ने कहा कि केंद्र की ओर से जारी निर्देशों के तहत शहरी ब्रांच डाकघर को बंद/ मर्ज किया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि बदलाव के बावजूद लोगों को आवश्यक डाक सेवाएं उपलब्ध होती रहें।
पुराना कांगड़ा में हुआ था विरोध
कांगड़ा में डाकघर बंद होने का मामला पहले भी चर्चा में रहा है। पुराना कांगड़ा में वर्ष 1960 से संचालित शहरी ब्रांच डाकघर को बंद कर उसके बचत खातों को समेला उपडाकघर में स्थानांतरित कर दिया था। इस फैसले के विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन भी किया था। लोगों ने बुजुर्गों और पेंशनधारकों को होने वाली परेशानी का हवाला देते हुए पुराना कांगड़ा में डाकघर बहाल करने या गैर-डाक वितरण शाखा खोलने की मांग उठाई थी।
तीन श्रेणियों में बंटे
डाक विभाग में डाकघरों की मुख्य रूप से तीन श्रेणियां हैं। इनमें हैडक्वार्टर यानी प्रधान डाकघर, सॅव-डाकघर और शाखा ब्रांच डाकघर शामिल हैं। वर्तमान युक्तिकरण प्रक्रिया में केंद्र की ओर से विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में संचालित शाखा ब्रांच डाकघरों की समीक्षा की जा रही है। इसके तहत ऐसे डाकघरों को बंद करने, स्थानांतरित करने या नजदीकी डाकघर में मर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
