शेयर बाजार में गिरावट जारी
सेंसेक्स 125 अंक टूटा, निफ्टी 87 अंक गिरकर 22600 पर बंद
एजेंसियां— मुंबई
शेयर बाजार में शुक्रवार यानी 23 अक्तूबर को गिरावट रही। सेंसेक्स 125 अंक गिरकर 73,123 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 87 अंक गिरा, यह 22,600 के स्तर पर बंद हुआ। सरकारी बैंक, मेटल और रियल्टी शेयर्स में शुक्रवार को सबसे ज्यादा बिकवाली रही। बाजार गिरने की तीन मुख्य वजहें रहीं। इनमें एफआईआई की लगातार बिकवाली से 22 अक्तूबर को विदेशी निवेशकों ने 3,459 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। हालांकि घरेलू निवेशकों ने 2,891 करोड़ रुपए की खरीददारी करके बाजार को संभालने की कोशिश की, लेकिन बिकवाली के दबाव को बाजार संभाल नहीं पाए। सऊदी अरब पर हूती हमलों के बाद एनर्जी सप्लाई में रुकावट की चिंता से ब्रेंट कू्रड 113.5 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया।
तेल महंगा होने से कंपनियों के मुनाफे पर असर पडऩे का डर है, जिससे निवेशकों का भरोसा टूटा है। वहीं शेयर बाजार गिरने की तकनीकी वजह भी रही। निफ्टी अपने 20-दिन के ईएमए 22,860 के नीचे आ गया है। बाजार में रिकवरी के लिए 22,800 के ऊपर टिकना जरूरी था। निफ्टी के 22,550 के नीचे जाने से बिकवाली और बढ़ गई है। यह 22,180 के स्तर तक नीचे गिर सकता है। वहीं भारतीय रुपया में भी बीते बंद के मुकाबले शुक्रवार को 12 पैसे की गिरावट देखने को मिली और यह 94.94 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। जबकि, एक दिन पहले गुरुवार की सुबह रुपया 94.47 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 94.82 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
