पांच साल में 12 हजार बच्चों तक पहुंची ‘एक से श्रेष्ठ’ पहल
सांसद अनुराग ठाकुर के अभियान के 650 केंद्रों में मुफ्त शिक्षा, 650 से अधिक लोगों को मिला रोजगार
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-मंडी
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘एक से श्रेष्ठ’ पहल हिमाचल प्रदेश में शिक्षा और सामाजिक भागीदारी का एक बड़ा अभियान बनकर उभरी है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में शुरू की गई इस पहल के तहत 12 हजार से अधिक बच्चों को मुफ्त पढ़ाई और मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस अभियान के केंद्रों की संख्या बढक़र लगभग 650 हो गई है। पहल का उद्देश्य बच्चों को स्कूल के बाद अतिरिक्त पढ़ाई का अवसर देकर उनकी शैक्षणिक नींव मजबूत करना और उनके सर्वांगीण विकास में मदद करना है। हमीरपुर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा शुरू की इस पहल का आगाज पांच अक्तूबर, 2021 को विश्व शिक्षक दिवस के अवसर पर किया गया था।
कार्यक्रम के तहत सरकारी और निजी स्कूलों में पढऩे वाले मुख्य रूप से तीन से 12 वर्ष तक के बच्चों को स्कूल के बाद नि:शुल्क कक्षाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं। ‘एक से श्रेष्ठ’ पहल का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध करवाना भी है। इस पहल से 650 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। इसमें लगभग 90 प्रतिशत महिलाएं और 60 प्रतिशत ऐसे लोग हैं, जिन्हें पहली बार रोजगार का अवसर मिला। इस पहल से दो हजार से अधिक परिवारों के लिए 5.40 करोड़ रुपए की बचत भी सामने आई है। कार्यक्रम का संचालन हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के पांच जिलों हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी में किया जा रहा है।
छात्रों को जरूरी सामग्री, शिक्षकों को लैपटॉप
‘एक से श्रेष्ठ’ केंद्रों पर बच्चों को केवल अतिरिक्त कक्षाओं तक सीमित सहायता नहीं दी जाती, बल्कि पढ़ाई के लिए जरूरी सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाती है। बच्चों को स्कूल बैग, पेंसिल बॉक्स, किताबें, कॉपियां और अन्य स्टेशनरी दी जाती है। खास बात यह है कि स्कूल बैग में ही पढऩे के लिए छोटी मेज की सुविधा भी दी गई है, जिससे बच्चों को घर पर पढ़ाई करने में आसानी हो सके। केंद्रों में पढ़ाने वाले शिक्षकों को लैपटॉप उपलब्ध करवाए गए हैं।
केंद्रों की संख्या बढ़ी
इस पहल का विस्तार लगातार हुआ है। जनवरी 2024 में तत्कालीन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने हमीरपुर में इसके 500वें केंद्र का उद्घाटन किया था। उस समय कार्यक्रम के तहत लगभग 10 हजार लड़कियों को मुफ्त शिक्षा दिए जाने की जानकारी सामने आई थी। सितंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, अब केंद्रों की संख्या लगभग 650 तक पहुंच गई है ।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
