जयराम का आरोप, प्रदेश में धीमा विकास, नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना, अब गारंटियों का हिसाब मांग रहे लोग

By: Oct 23rd, 2026 11:18 pm

स्टाफ रिपोर्टर — रोहडू

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में विकास कार्यों की गति धीमी हुई है। पिछली भाजपा सरकार के समय स्वीकृत कई विकास योजनाओं का बजट रुकने से काम प्रभावित हुए और कई परियोजनाएं आगे नहीं बढ़ पाई। जयराम ठाकुर ने सरकार द्वारा संस्थानों को डिनोटिफाई किए जाने का मुद्दा भी उठाया। गौर हो कि जयराम ठाकुर रोहड़ू में भाजपा की ओर से आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में पहुुंचे थे। इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा ने अपनी राजनीतिक ताकत भी दिखाई। कार्यक्रम में जयराम ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक बलबीर वर्मा, खुशी राम बालनाहटा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस की 10 चुनावी गारंटियों को लेकर भी सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि अब जनता सरकार से उन्हीं गारंटियों का हिसाब मांग रही है। इसके साथ ही जयराम ठाकुर ने भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक लड़ाई के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सरकार की नीतियों और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर गांंव-गांव तक जाना होगा। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने स्थानीय विधायक पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अनदेखी का आरोप लगाया। इस दौरान किसान जिला परिषद शिमला उपाध्यक्ष भरत केलाँटा, संजीव देष्टा, अरुण फाल्टा, शशि बाला, विजय मेहता व आशा खाची भी मौजूद रहीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App