मनाली से NIA ने गिरफ्तार किया हरीश रूगता, 17.29 करोड़ के कथित नकली नोट मामले में हुई कार्रवाई
सहारनपुर की पीएनबी करेंसी चेस्ट से बरामद हुए थे जाली नोट
मनाली और अंबाला से गिरफ्तारियां, सात लोगों की भूमिका जांच के दायरे में
अंबाला से भी एक आरोपी पकड़ा, 111 करोड़ रुपये की करेंसी खेप की भी जांच
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल मनाली से एनआईए ने कथित नकली भारतीय करेंसी से जुड़े एक बड़े मामले में हरीश रूगता को गिरफ्तार किया है। यह मामला उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट से 17 करोड़ 29 लाख रुपये के कथित नकली नोट बरामद होने से जुड़ा है। एनआईए ने मनाली से हरीश रूगता को गिरफ्तार किया। इससे पहले हरियाणा के अंबाला से अजय कुमार को भी गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी दोनों आरोपियों की कथित भूमिका और उनके बीच संपर्कों की पड़ताल कर रही है। मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में कथित जाली नोट बैंक की करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे। बैंक की करेंसी चेस्ट में बड़ी मात्रा में नकदी रखी जाती है, जिसे जरूरत के अनुसार बैंक शाखाओं और एटीएम तक पहुंचाया जाता है। ऐसे में यहां से करोड़ों रुपये के कथित नकली नोट मिलने का मामला नकदी के स्रोत, उसके परिवहन और सत्यापन की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इस मामले की शुरुआत सहारनपुर स्थित पीएनबी की करेंसी चेस्ट से करीब सात लाख रुपये के कथित नकली नोट मिलने की सूचना के बाद हुई थी। शुरुआती बरामदगी के बाद जांच आगे बढ़ी तो मामले का दायरा बढ़ता चला गया।
जांच में कथित नकली करेंसी की राशि 17 करोड़ 29 लाख रुपये तक पहुंचने की बात सामने आई। इतनी बड़ी रकम के सामने आने के बाद जांच एजेंसियों ने इस बात पर ध्यान केंद्रित किया कि कथित जाली नोट कहां तैयार किए गए, किन माध्यमों से उनका परिवहन हुआ और वे बैंक की करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे। जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि नकदी की जांच और सत्यापन के दौरान इन नोटों की पहचान क्यों नहीं हो सकी। हालांकि, मामले से जुड़े सभी तथ्यों और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की पुष्टि जांच पूरी होने तथा न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में अब तक सात गिरफ्तारियां होने की बात सामने आई है। इन गिरफ्तारियों के बाद जांच का दायरा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से आगे बढक़र हरियाणा और हिमाचल प्रदेश तक पहुंच गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
