NIT हमीरपुर ने नवाजे 1,265 होनहार, 26 को पीएचडी, 380 को स्नातकोत्तर-डिप्लोमा और 859 को स्नातक डिग्री
दीक्षांत समारोह में सौंपी उपाधियां, 26 को पीएचडी, 380 को स्नातकोत्तर-डिप्लोमा और 859 को स्नातक डिग्री
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-हमीरपुर
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में शुक्रवार को 17वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी कार्यक्रमों के कुल 1,265 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डा. दिनेश कुमार असवाल मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। दीक्षांत समारोह में 26 पीएचडी उपाधियां, 380 स्नातकोत्तर उपाधियां एवं डिप्लोमा तथा 859 स्नातक उपाधियां प्रदान की गईं। स्नातक उपाधियों में बीटेक, दोहरी उपाधि तथा बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर (बी-आर्क) कार्यक्रम शामिल रहे।
समारोह का प्रमुख आकर्षण मेधावी विद्यार्थियों को पदक प्रदान करना रहा। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए विद्यार्थियों को 35 स्वर्ण पदक, 12 रजत पदक और 14 कांस्य पदक प्रदान किए गए। संस्थान के निदेशक प्रो. एचएम सूर्यवंशी ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी और उनकी सफलता में शिक्षकों तथा कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।
वास्तुकला विभाग की छात्रा को निदेशक पदक
वास्तुकला विभाग की छात्रा गौरिका को सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रदर्शन के लिए निदेशक पदक (डायरेक्टर्स मेडल फॉर बेस्ट ऑलराउंडर) से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों और संस्थान में समग्र योगदान के लिए प्रदान किया गया।
राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान
मुख्यातिथि डा. दिनेश कुमार असवाल, सदस्य, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए), भारत सरकार ने अपने दीक्षांत संबोधन में विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनसे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। डॉ. असवाल ने विद्यार्थियों के भविष्य के लिए पांच प्रमुख सिद्धांत बताए—निरंतर सीखते हुए स्वतंत्र सोच विकसित करना, केवल पद प्राप्त करने के बजाय समाज के लिए उपयोगी कार्य करना, तकनीक के उपभोक्ता मात्र न बनकर उसके निर्माता बनना, विभिन्न विषयों के ज्ञान को जोडक़र मिलकर काम करना तथा अपनी महत्वाकांक्षाओं को जिम्मेदारी और नैतिकता से दिशा देना।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
