16,877 बागबानों को 35.68 करोड़ जारी, MIS के तहत 100 बोरी सेब बेचने वाले 30 नवंबर तक जमा करवाएं दावे
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल प्रदेश में मार्केट इंटरवेंशन स्कीम (एमआईएस) के तहत सेब बेचने वाले बागबानों को लंबित भुगतान दावे जमा करवाने का एक और मौका दिया है। जिन बागबानों ने एमआईएस-2025 के तहत 31 से 100 बोरी तक सेब की आपूर्ति की थी और अभी तक अपने भुगतान दावे प्रस्तुत नहीं किए हैं, वे 30 नवंबर, 2026 तक संबंधित शाखा में जरूरी दस्तावेजों सहित दावे जमा करवा सकेंगे। 30 बोरी तक सेब की आपूर्ति करने वाले बागवानों के लिए 15 नवंबर और एमआईएस-2024 व इससे पहले के वर्षों के लंबित दावों के लिए 30 अक्तूबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। हिमाचल प्रदेश बागबानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम के प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत वर्ष 2026 में एमआईएस के अंतर्गत अब तक करीब 16,877 बागबानों को 35.68 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं। इसमें 17.53 करोड़ रुपए नकद और 18.15 करोड़ रुपए एचएमओ, टीएसओ, उर्वरक, मशीनरी सहित अन्य सामग्री के रूप में दिए हैं। इसके अतिरिक्त 7,059 बागबानों के 12.13 करोड़ रुपए के भुगतान दावों की प्रक्रिया जारी है।
एचपीएमसी के निदेशक मंडल की आठ अक्तूबर को हुई 222वीं बैठक में लंबित दावों को जमा करवाने की समय-सीमा तय की गई थी। इसका उद्देश्य निगम की वित्तीय देनदारियों का आकलन करने के साथ भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है। निगम ने सभी संबंधित शाखाओं को दावों और दस्तावेजों का उचित रिकॉर्ड रखने तथा लंबित मामलों के लिए वरिष्ठता रजिस्टर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
