जागरूकता डेस्क लगाकर मनाया राष्ट्रीय कानूनी सेवा दिवस
शूलिनी विवि में दी मुफ्त कानूनी सहायता, मौलिक अधिकारों और लोक अदालतों की बांटी जानकारी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
शूलिनी यूनिवर्सिटी के फैकल्टी ऑफ लीगल साइंसेज के लीगल एड क्लिनिक ने राष्ट्रीय कानूनी सेवा दिवस के अवसर पर परिसर में एक दिवसीय कानूनी जागरूकता डेस्क लगाई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के निर्देशानुसार आयोजित इस पहल का उद्देश्य कानूनी साक्षरता बढ़ाना और आम लोगों को न्याय तक पहुंच के प्रति जागरूक करना रहा। जागरूकता डेस्क के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य आगंतुकों को मुफ्त कानूनी सहायता सेवाओं, मौलिक अधिकारों, कानूनी उपायों और विधिक सेवा संस्थानों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की विभिन्न योजनाओं और विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के प्रावधानों से भी अवगत करवाया गया। इस पहल में फैकल्टी ऑफ लीगल साइंसेज के 30 से अधिक छात्र स्वयंसेवकों ने भाग लिया। उन्होंने आगंतुकों से संवाद कर कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी और जागरूकता सामग्री वितरित की। कार्यक्रम में मानवाधिकारों की सुरक्षा, मौलिक कर्तव्यों, लोक अदालतों की भूमिका तथा विवादों के सुलभ और किफायती समाधान जैसे विषयों पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का आयोजन फैकल्टी ऑफ लीगल साइंसेज के प्रोफेसर एमेरिटस एवं डीन डॉ. कमलजीत सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। इसका समन्वय फैकल्टी कोऑर्डिनेटर गर्विता शांडिल और लीगल एड सेल के कोऑर्डिनेटर विनीत ने किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
