युवाओं के लिए नौकरी का बड़ा मौका, ग्राम रोजगार सेवक और कंप्यूटर ऑपरेटर के पद मंजूर
विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन के तहत ग्रामीण विकास विभाग करेगा भर्ती
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
प्रदेश सरकार ने ग्रामीण विकास विभाग के तहत नई विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जीआरएएमजी योजना के सुचारू संचालन के लिए अंतरिम व्यवस्था लागू की है। ग्रामीण विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। इसके तहत ब्लॉक स्तर पर 1205 ग्राम रोजगार सेवकों के पद और राज्य मुख्यालय, जिला तथा ब्लॉक स्तर पर 123 कम्प्यूटर ऑपरेटरों के पद मंजूर किए हैं। इन कर्मचारियों की सेवा शर्तों से जुड़े विस्तृत नियम अभी सरकार के विचाराधीन हैं। इन्हें तैयार करने में समय लगने के कारण सरकार ने फिलहाल अंतरिम व्यवस्था लागू की है। अधिसूचना के अनुसार ग्राम रोजगार सेवकों के तबादले का अधिकार वीबी-जीआरएएमजी के आयुक्त के पास रहेगा। ब्लॉक कार्यक्रम समन्वयक ग्राम रोजगार सेवकों के सर्किल दोबारा तय करने और उनकी तैनाती करने के लिए सक्षम होंगे।
तबादला होने पर कर्मचारी को पांच दिन का ज्वाइनिंग टाइम मिलेगा। हालांकि अपनी इच्छा या आपसी सहमति से किए गए तबादले में सामान्य तौर पर ज्वाइनिंग टाइम नहीं मिलेगा। नई व्यवस्था में कर्मचारियों की छुट्टियों को लेकर भी प्रावधान किए गए हैं। योजना कर्मचारियों को एक साल में 12 दिन आकस्मिक अवकाश और दो दिन प्रतिबंधित अवकाश मिलेगा। मेडिकल प्रमाण पत्र देने पर दस दिन का चिकित्सा अवकाश भी मिलेगा। महिला कर्मचारियों को 180 दिन का मातृत्व अवकाश दिया जाएगा।
कर्मचारियों के लिए जिम्मेदारियां-अनुशासन तय
अधिसूचना में कर्मचारियों की जिम्मेदारियां और अनुशासन भी तय किया गया है। जानबूझकर आदेश न मानना, लगातार लापरवाही करना, बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहना, काम में लापरवाही, सरकारी या योजना के पैसे में भ्रष्टाचार या गबन, सरकारी संपत्ति का गलत इस्तेमाल, हितों का टकराव, कार्यस्थल पर यौन उत्पीडऩ, किसी आपराधिक मामले में शामिल होना, गोपनीय जानकारी सार्वजनिक करना और कानूनी आदेशों का उल्लंघन करना कदाचार माना जाएगा। कदाचार साबित होने पर कर्मचारी को चेतावनी या निंदा, योजना या सरकार को हुए आर्थिक नुकसान की वसूली, मानदेय रोकने और सेवा से हटाने जैसी कार्रवाई की जा सकती है। किसी कर्मचारी को अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश से असहमति होने पर वह 30 दिन के भीतर अपील कर सकेगा। कोई भी कर्मचारी अनुशासनात्मक अधिकारी को एक महीने का नोटिस देकर इस्तीफा दे सकता है। कर्मचारी की सेवा 58 वर्ष की आयु पूरी होने या योजना बंद होने, जो भी पहले हो, उस समय स्वत: समाप्त हो जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
