IPL 2027 : लखनऊ का साथ छोड़ेंगे मोहम्मद शमी, अब इस टीम की जर्सी में आएंगे नजर

By: Nov 17th, 2026 12:08 am

दोनों आईपीएल टीमों के बीच तीन खिलाडिय़ों की अदला-बदली

चार करोड़ रुपए में गुजरात से जुड़ेंगे हर्षल पटेल

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

आईपीएल 2027 से पहले राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच तीन खिलाडिय़ों का ट्रेड हुआ है। मोहम्मद शमी राजस्थान और इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन लखनऊ की टीम में जाएंगे। वहीं, लखनऊ के लेफ्ट आर्म स्पिनर एम सिद्धार्थ भी राजस्थान से जुड़ेंगे। इसके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल गुजरात टाइटंस में शामिल होंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, गुजरात ने इस ऑल-कैश ट्रेड के लिए चार करोड़ रुपए देने पर सहमति जताई है। राजस्थान को पिछले सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने के बावजूद पावरप्ले में गेंदबाजी की कमजोरी से जूझना पड़ा था। टीम ने शुरुआती छह ओवर में 10.14 रन प्रति ओवर दिए थे। ऐसे में मोहम्मद शमी को टीम में शामिल करना पावरप्ले की गेंदबाजी मजबूत करने की कोशिश मानी जा रही है। उनकी जोड़ी जोफ्रा आर्चर के साथ बन सकती है।

लखनऊ के लिए सैम करन ऑलराउंडर का विकल्प

लखनऊ को सैम करन के रूप में ऐसा ऑलराउंडर मिलेगा, जो बल्लेबाजी में अलग-अलग नंबरों पर उतरने के साथ गेंदबाजी में भी योगदान दे सकता है। करन पंजाब और चेन्नई के लिए खेल चुके हैं। लखनऊ उनकी तीसरी आईपीएल फ्रेचाइजी होगी। वह चोट के कारण आईपीएल 2026 में नहीं खेल पाए थे। करन लखनऊ की कप्तानी के दावेदार भी हो सकते हैं। ऋषभ पंत के दिल्ली कैपिटल्स में लौटने के बाद टीम को नए कप्तान की जरूरत है। हालांकि, कप्तानी की दौड़ में एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस के नाम भी शामिल हैं।

गुजरात से खेलेंगे हर्षल

सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल आईपीएल 2027 में गुजरात टाइटंस के लिए खेलेंगे। दोनों फ्रेंचाइजी के बीच चार करोड़ रुपए की ऑल-कैश डील पर सहमति बनी है। इसका मतलब है कि गुजरात के ऑक्शन पर्स से चार करोड़ रुपए घटेंगे। हैदराबाद ने हर्षल को 2025 मेगा ऑक्शन में आठ करोड़ रुपए में खरीदा था। हर्षल ने आईपीएल 2025 में 13 मैचों में 16 विकेट लिए थे।

आज रिटेंशन की आखिरी तारीख

आईपीएल 2027 के लिए 10 टीमों को 17 नवंबर तक रिटेन और रिलीज खिलाडिय़ों की लिस्ट जमा करनी है। आईपीएल ने पहले यह तारीख 15 नवंबर रखी थी, लेकिन भारत-न्यूजीलैंड के पांचवें वनडे से तारीख टकराने के कारण इसे दो दिन आगे बढ़ाया गया। इस बार मिनी ऑक्शन में खिलाडिय़ों को रिटेन करने की कोई तय सीमा नहीं है। एक टीम में अधिकतम 25 खिलाड़ी हो सकते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App