जिम्मेदार पत्रकारिता ही मीडिया की विश्वसनीयता का आधार
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर एकता कापटा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता केवल सूचनाओं के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने, शासन और आमजन के बीच संवाद स्थापित करने तथा समाज को जागरूक करने का सशक्त माध्यम है।
वह राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर नाहन स्थित प्रेस क्लब में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही थीं। एकता कापटा ने पत्रकारों को राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारतीय प्रेस परिषद की ओर से इस वर्ष निर्धारित विषय ‘पत्रकारिता सनसनी या जिम्मेदारी’ पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि मीडिया की विश्वसनीयता निष्पक्षता, तथ्यात्मकता, संतुलन और नैतिक मूल्यों पर आधारित होनी चाहिए। समाचारों के प्रकाशन और प्रसारण से पहले तथ्यों की पुष्टि करना, सभी पक्षों को उचित स्थान देना और जनहित को सर्वोपरि रखना जरूरी है। डिजिटल मीडिया के तेजी से बढ़ते प्रभाव के दौर में पत्रकारिता की नैतिक जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। कार्यक्रम के मुख्यवक्ता सूरत पुंडीर ने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज को सही, निष्पक्ष और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध करवाना है। समाचारों में सनसनी पैदा करने के बजाय तथ्यों, विश्वसनीयता और जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और इसकी सार्थकता समाज के प्रति जवाबदेही में निहित है। कार्यक्रम के आरंभ में जिला लोक संपर्क अधिकारी ममता नेगी ने मुख्यातिथि का स्वागत एवं सम्मान किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
