नशा तस्करी पर डीसी सख्त, 8 कर्मचारी बर्खास्त
एनडीपीएस मामलों में 11 कर्मचारी पाए गए दोषी, अवैध संपत्तियों पर भी कसेगा शिकंजा
स्टाफ रिपोर्टर-बिलासपुर
नशा तस्करी के मामलों में संलिप्त सरकारी कर्मचारियों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बिलासपुर जिले में एनडीपीएस अधिनियम के मामलों में संलिप्त पाए गए 11 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें आठ कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त किया जा चुका है, जबकि तीन अन्य के खिलाफ नियमानुसार विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई जारी है। उपायुक्त किरण भड़ाना ने सोमवार को बचत भवन में आयोजित जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक में इन मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को लंबित कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के प्रति नरमी नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ भी शीघ्र ठोस कार्रवाई करने को कहा, ताकि तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ी जा सके। उन्होंने पुलिस विभाग की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशा तस्करों को लगातार गिरफ्तार किया जा रहा है और उनकी सप्लाई चेन तोडऩे के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा नशा तस्करी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
