ब्रेकिंग न्यूज के चक्कर में बैलेंस न बिगाड़े पत्रकार
राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर एडीसी अमित मेहरा ने पत्रकारों से किया आह्वान, मीडिया कर्मियों को किया सम्मानित
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय के सभागार में जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम में ‘पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर विचार-विमर्श किया गया। अमित मेहरा ने कहा कि समाचार प्रसारित करने से पहले उनकी पुष्टि करना और संबंधित पक्ष को भी समाचार में स्थान देना जिम्मेदार पत्रकारिता के लिए आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक मीडिया के दौर में आम लोगों तक समाचार शीघ्र पहुंचाना महत्वपूर्ण है, लेकिन ब्रेकिंग न्यूज की प्रतिस्पर्धा में कई बार कुछ मीडियाकर्मी बिना पुष्टि किए और दूसरे पक्ष का विचार जाने बिना खबर प्रसारित कर देते हैं। यह प्रेस की विश्वसनीयता के लिए घातक है। इससे न केवल संबंधित मीडिया समूह, बल्कि पूरे प्रेस वर्ग और उससे जुड़े लोगों की व्यक्तिगत विश्वसनीयता भी प्रभावित होती है। जिला चंबा की पत्रकारिता के संबंध में अपने अनुभव साझा करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि यहां की प्रेस की कार्यप्रणाली शालीन, जिम्मेदार और विश्वसनीय है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों द्वारा समाचारों के माध्यम से उठाई जाने वाली जनसमस्याओं और अन्य विषयों पर जिला प्रशासन तुरंत संज्ञान लेता है। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे जिले के विभिन्न क्षेत्रों के मीडिया कर्मियों और प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया। इससे पहले जिला लोक संपर्क अधिकारी बलबीर सिंह ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस के आयोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की और परिचर्चा के विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने मुख्यातिथि का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
