मंत्री धर्माणी ने पीडि़त परिवारों को बंधाया ढाढस
निजी संवाददाता-घुमारवीं
सीर खड्ड पुल से छलांग लगाने वाली दोनों नाबालिग लड़कियों की दुखद घटना के बाद तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी सोमवार को घुमारवीं अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने पीडि़त परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया और इस हृदय विदारक घटना पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए परिजनों को ढाढस बंधाया। इस दौरान मंत्री राजेश धर्माणी ने अभिभावकों से भावनात्मक रूप से बच्चों के साथ जुड़े रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि माता-पिता को बच्चों के साथ केवल अभिभावक के रूप में ही नहीं, बल्कि मित्र की तरह व्यवहार करना चाहिए। लगातार बच्चों से बात करते रहें। उनके मन में चल रही उलझनों, परेशानियों और भावनाओं को समय रहते समझने का प्रयास करें। कई बार बच्चे अपनी परेशानियां खुलकर अभिभावकों के सामने नहीं रख पाते। ऐसे में माता-पिता को उनके व्यवहार, बातचीत और मन:स्थिति में होने वाले बदलावों को गंभीरता से लेना चाहिए। बच्चों को विश्वास में लेकर उनकी बात सुनना और उन्हें उचित मार्गदर्शन देना परिवार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है ताकि बच्चा अकेला महसूस न करे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
