149 स्कूलों को मिलेंगे 600 जेबीटी, शिक्षा विभाग ने सरकार को मंजूरी के लिए भेजा प्रस्ताव

By: Nov 25th, 2026 10:28 pm

कार्यालय संवाददाता-शिमला

प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा 149 स्कूलों में नए जेबीटी शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। पहली से पांचवी कक्षाओं के शिक्षण कार्य को सुचारू बनाने के लिए यह शिक्षक नियुक्त होंगे। पहले 600 जेबीटी शिक्षकों को योजना के तहत नियुक्त किया जाएगा। शिक्षा विभाग द्वारा इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर सरकार की मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। अब स्वीकृति मिलने के बाद इन शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो जाएगा। दरअसल, प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में प्राथमिक स्तर पर शिक्षकों की कमी लंबे अरसे से चली हुई है इसके देखते हुए विभाग द्वारा प्रस्ताव बनाया गया है। वहीं इससे पहले 1200 जेबीटी शिक्षकों को जॉब ट्रेनिंग के तहत एचपी बोर्ड के सरकारी स्कूलों में नियुक्त किया जा चुका है। इसके बाद अब शेष 600 जेबीटी शिक्षकों को सीबीएसई स्कूलों में पॉलिसी बेस्ड नियुक्त करने की है।

सरकार का प्रत्येक प्राइमरी कक्षा के लिए एक जेबीटी शिक्षक उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इससे स्कूलों में कक्षावार शिक्षकों की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी। वहीं नए शिक्षकों की तैनाती से स्कूलों में शिक्षकों की कमी में काफी हद तक सुधार होगा। 600 नए जेबीटी शिक्षकों की नियुक्ति होने से प्रदेश के 149 सीबीएसई स्कूलों को कई स्तरों पर फायदा मिलने की उम्मीद है। सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि प्राथमिक कक्षाओं में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी और एक शिक्षक पर निर्भरता कम होगी। प्रत्येक प्राइमरी कक्षा के लिए शिक्षक मिलने से विद्यार्थियों को नियमित रूप से पढ़ाई का अवसर मिलेगा। ऐसे में पर्याप्त जेबीटी शिक्षकों की तैनाती से बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूती मिलेगी।

हरी झंडी मिलते ही शुरू होगी प्रक्रिया

विभाग द्वारा तैयार प्रस्ताव में 600 जेबीटी शिक्षकों को 10 माह की अवधि के लिए सीबीएसई स्कूलों में नियुक्त किया जाएगा। नियुक्ति की अवधि, वेतन और अन्य शर्तों को लेकर सरकार की अंतिम मंजूरी का इंतजार है। सरकार का निर्णय आने के बाद ही नियुक्ति से जुड़ी पूरी प्रक्रिया स्पष्ट होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App