नशा किया तो 50 हजार जुर्माना
हराबाग मंदिर में तीन दिन नशाबंदी, चमड़े की वस्तुओं पर भी रोक
दिव्य हिमाचल टीम-जोगिंद्रनगर
जोगिंद्रनगर उपमंडल के हराबाग में महर्षि देव गहरी के मंदिर में होने वाले भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर देवता ने बड़ा फरमान सुनाया है। 20 से 22 नवंबर तक मंदिर और आसपास के क्षेत्र में शराब समेत सभी प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। देवता के इस आदेश की अवहेलना करने वाले व्यक्ति पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा मंदिर परिसर में चमड़े से बनी वस्तुएं लेकर प्रवेश करने पर भी पाबंदी रहेगी। देवता ने यह फरमान गूर के माध्यम से सुनाया है। मंदिर के पुजारी पवन कुमार ने बताया कि महर्षि देव गहरी के आदेशानुसार 20 से 22 नवंबर तक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान ये नियम लागू रहेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब, बीड़ी-सिगरेट और अन्य सभी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आदेशों की अवहेलना करने वालों के लिए 50 हजार रुपए का जुर्माना निर्धारित किया गया है। वहीं, मंदिर परिसर में चमड़े की वस्तुओं के साथ प्रवेश की भी अनुमति नहीं होगी। गौरतलब है कि हराबाग में करीब दो करोड़ रुपए की लागत से महर्षि देव गहरी का भव्य मंदिर तैयार किया गया है। 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में क्षेत्र के देवी-देवताओं, गूर, बजंत्री और हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन के दौरान हवन-यज्ञ के साथ 15 हजार से अधिक लोगों के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
