ऊना में पुलिस भर्ती की दौड़ में 693 युवा पास
चार दिन तक झलेड़ा पुलिस लाइन में चला शारीरिक दक्षता परीक्षण, 2545 रहे गैर हाजिर
नगर संवाददाता-ऊना
ऊना। खाकी वर्दी पहनकर प्रदेश की सेवा करने का सपना लेकर पुलिस लाइन झलेड़ा पहुंचे हजारों युवाओं में से 693 अभ्यर्थी ही शारीरिक दक्षता परीक्षा की बाधा पार कर पाए। पुलिस आरक्षी भर्ती के तहत 13 से 16 नवंबर तक आयोजित शारीरिक परीक्षण में युवाओं ने अपनी शारीरिक क्षमता और दमखम दिखाया। चार दिनों तक चले इस भर्ती अभियान में मैदान पर पहुंचे 3808 अभ्यर्थियों में से 3115 निर्धारित मापदंडों पर खरे नहीं उतर पाए, जबकि 2545 अभ्यर्थी परीक्षा देने ही नहीं पहुंचे। भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 6353 महिला और पुरुष अभ्यर्थियों को कॉल लेटर भेजे गए थे। इनमें से 3808 अभ्यर्थियों ने पुलिस लाइन झलेड़ा पहुंचकर शारीरिक दक्षता परीक्षा में हिस्सा लिया। मैदान में पहुंचे हर अभ्यर्थी के सामने भर्ती के अगले चरण तक पहुंचने की चुनौती थी। कुछ युवाओं ने अपनी मेहनत और अभ्यास के दम पर सफलता हासिल की, जबकि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को निर्धारित शारीरिक मानकों पर खरा न उतर पाने के कारण बाहर होना पड़ा। वहीं युवा दौड़े।
पूरी रखी पारदर्शिता
एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि पुलिस लाइन झलेड़ा में 13 से 16 नवंबर तक महिला एवं पुरुष आरक्षी भर्ती के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई। चार दिनों में कुल 693 अभ्यर्थी सफल रहे। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाई गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
