हिमाचल के 75 उद्योगों में बनी 92 दवाएं फेल, ड्रग अलर्ट में खुलासा, अकेले बीबीएन के इतने सैंपल पाए गए सबस्टैंडर्ड
सीडीएससीओ के अक्तूबर के ड्रग अलर्ट में खुलासा, अकेले बीबीएन के 52 सैंपल पाए गए सबस्टैंडर्ड
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — बीबीएन
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की पड़ताल में हिमाचल प्रदेश में निर्मित 92 दवा एवं अन्य उत्पादों के सैंपल गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतर पाए हैं। सीडीएससीओ द्वारा जारी अक्तूबर माह के ड्रग अलर्ट में देशभर के कुल 324 सैंपल फेल पाए गए हैं। देशभर में सर्वाधिक 92 सैंपल हिमाचल में निर्मित उत्पादों के फेल हुए हैं, जबकि उत्तराखंड के 62 और गुजरात के 25 सैंपल गुणवत्ता की कसौटी पर खरे नहीं उतर पाए हैं। हिमाचल में फेल दवाएं बीबीएन, सिरमौर, ऊना और कांगड़ा स्थित 75 उद्योगों में हुआ हैं। अकेले बीबीएन के 52 सैंपल सब स्टैंडड पाए गए हैं। हिमाचल में निर्मित 92
उत्पादों में 49 टैबलेट, 12 इंजेक्शन, नौ कैप्सूल, आठ सिरप, छह सस्पेंशन व ड्राई सिरप, दो आई ड्रॉप्स तथा एक-एक ऑइंटमेंट, क्रीम, लोशन, सॉल्यूशन ग्रैन्यूल्स और बेबी सोप का सैंपल फेल हुआ है।
बता दें कि बद्दी के मल्कूमाजरा में निर्मित रैबेप्राजोल सोडियम इंजेक्शन 20 एमजी का सैंपल कोलकाता स्थित केंद्रीय प्रयोगशाला की जांच में छह गुणवत्ता मानकों पर फेल हुआ है। इनमें डिस्क्रिप्शन, पीएच, घोल की स्पष्टता, अवांछित कण, रिलेटेड सब्सटांसेज और असे टेस्ट शामिल हैं। वैनकोमाइसिन इंजेक्शन तीन गुणवत्ता मानकों पर फेल हुआ है, जबकि कालाअंब में निर्मित सेफेपाइम व सल्बैक्टम इंजेक्शन के साथ उपलब्ध स्टेराइल वाटर स्टेरिलिटी टेस्ट में फेल पाया गया है। सीडीएससीओ के ड्रग अलर्ट में पाकिस्तान में निर्मित बताई गई छह ब्यूटी क्रीम के सैंपल भी गुणवत्ता जांच में फेल पाए गए हैं। इन क्रीम में पारे की मात्रा निर्धारित सीमा से हजारों गुना अधिक पाई गई है। एक ब्यूटी क्रीम में पारे की मात्रा 83,311.12 पीपीएम पाई गई ह, जबकि सौंदर्य प्रसाधनों में इसकी अधिकतम स्वीकार्य सीमा महज एक पीपीएम है। इसके अलावा थाईलैंड में निर्मित एक ब्यूटी क्रीम में पारे की मात्रा 63,522.22 पीपीएम पाई गई है।
हृदय रोग से मधुमेह तक की दवाएं शामिल
गुणवत्ता जांच में हृदय रोग, उच्च रक्तचाप व कोलेस्ट्रॉल के उपचार में इस्तेमाल होने वाली नाइट्रोग्लिसरीन, रोसुवास्टेटिन, एटोरवास्टेटिन, टेल्मिसार्टन, एस्पिरिन, मधुमेह की दवा मेटफॉर्मिन, सिटाग्लिप्टिन, ग्लिमेपिराइड, मिर्गी की दवा ऑक्सकार्बाजेपिन व सोडियम वैल्प्रोएट, नसों के दर्द की दवा प्रीगैबलिन तथा पार्किंसन के उपचार में इस्तेमाल होने वाली लेवोडोपा व कार्बिडोपा के सैंपल फेल हुए हैं। इसके अलावा एसीक्लोफेनाक, पैरासिटामोल, डाइक्लोफेनाक व टेपेंटाडोल युक्त दवाएं भी गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतर पाई हैं। इसके साथ खांसी, जुकाम, अस्थमा और एलर्जी के उपचार में इस्तेमाल होने वाली एसीब्रोफाइलिन, डेक्स्ट्रोमेथॉर्फन, कोडीन फॉस्फेट, लेवोसालब्यूटामोल, एम्ब्रोक्सोल व लिवोसिटराजिन युक्त दवाओं के सैंपल भी सबस्टैंडर्ड पाए गए हैं। इसके अलावा आयरन, फोलिक एसिड, विटामिन बी-12 व डी-3, एंटीफंगल कैप्सूल, त्वचा रोगों की क्रीम के सैंपल फेल हुए हैं।
कोताही बर्दाश्त नहीं
स्टेट ड्रग कंट्रोलर डा. मनीष कपूर ने बताया कि ड्रग अलर्ट में शामिल दवा उद्योगों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जा रहा है। इसके अलावा अधोमानक पाए गए दवा उत्पादों के संबंधित बैच बाजार से वापस मंगवाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने दोहराया कि दवाओं की गुणवत्ता के मामले में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

